केनरा बैंक ने पैरा एथलीट दीपिका रानी को स्कूटर और प्रोफेशनल भाला भेंट कर किया सम्मानित
मेरठ ।सामाजिक उत्तरदायित्व और समावेशी विकास के अपने संकल्प को दोहराते हुए, कैनरा बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय ने आज जनपद का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करने वाली पैरा एथलीट *दीपिका रानी* को विशेष रूप से सम्मानित किया।
बैंक ने अपनी 'कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी' (CSR) पहल के अंतर्गत दीपिका को उनकी खेल यात्रा सुगम बनाने हेतु एक *आधुनिक ई-स्कूटर* और अभ्यास के लिए उच्च गुणवत्ता वाला पेशेवर भाला भेंट किया।बैंक द्वारा भेंट किया गया ई-स्कूटर दीपिका को अभ्यास सत्रों के लिए दैनिक आवागमन में आत्मनिर्भरता प्रदान करेगा, वहीं *प्रोफेशनल जेवलिन* उनकी ट्रेनिंग को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के मानकों के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर कैनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बी. वेंकट रामुलु ने कहा:"कैनरा बैंक हमेशा से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में अग्रणी रहा है। दीपिका रानी जैसे खिलाड़ी न केवल मेरठ बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। 'विकास के साथ समावेश' की हमारी नीति के तहत, हमारा उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं को मंच और संसाधन प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के देश के लिए पदक जीत सकें।
लक्ष्य: पैरालंपिक पदक
बैंक के इस सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए दीपिका रानी ने भावुक होकर कहा"विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुँचने के बाद मेरा एकमात्र लक्ष्य अब पैरालंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। मेरे परिवार के संघर्षों के बाद, कैनरा बैंक द्वारा मिला यह सहयोग मेरे सपनों को नए पंख देगा। मैं बैंक प्रबंधन की इस संवेदनशीलता के लिए हृदय से आभारी हूँ।"
वैश्विक रैंकिंग में शीर्ष पर मेरठ की बेटी
दीपिका रानी ने हाल ही में वर्ल्ड पैरा एथलीट रैंकिंगमें भाला फेंक (Javelin Throw) स्पर्धा में विश्व में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने F-33 कैटेगरी में शॉटपुट (गोला फेंक)में विश्व में तीसरा स्थान हासिल कर भारत का मान बढ़ाया है। संसाधनों के अभाव के बावजूद उनके अटूट साहस और उनके परिवार के असाधारण योगदान को देखते हुए कैनरा बैंक ने उनकी खेल प्रतिभा को और निखारने का बीड़ा उठाया है।


No comments:
Post a Comment