आगरा में 'दरोगा' पति की दरिंदगी, दरोगा लाइन हाजिर
फॉर्च्यूनर और फ्लैट के लिए पत्नी को दिया था जहर
शादी में 1 करोड़ खर्च करने के बाद भी नहीं मिटा लालच;
न्यू आगरा थाना प्रभारी पर भी पीड़िता को धमकाने का गंभीर आरोप
आगरा। ताजनगरी के थाना न्यू आगरा में तैनात एक दरोगा पर अपनी ही पत्नी को जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। दहेज के दानव ने एक बार फिर रिश्तों को तार-तार कर दिया है। आरोपी दरोगा लोकेश भाटी पर आरोप है कि फॉर्च्यूनर कार और आलीशान फ्लैट की मांग पूरी न होने पर उसने अपनी पत्नी मीनाक्षी को बेरहमी से पीटा और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
1 करोड़ के खर्च के बाद भी 'लालच' बरकरार:
फरीदाबाद के वल्लभगढ़ की रहने वाली मीनाक्षी का निकाह (शादी) 21 अप्रैल 2021 को बदायूं निवासी लोकेश भाटी से हुआ था। मीनाक्षी के अनुसार, उसके पिता ने शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे और स्कॉर्पियो गाड़ी भी दी थी, लेकिन लोकेश का लालच कम नहीं हुआ। वह आए दिन फॉर्च्यूनर और फ्लैट के लिए दबाव बनाता था। रविवार दोपहर जब मीनाक्षी ने असमर्थता जताई, तो लोकेश ने उसे जान से मारने की नियत से जहर दे दिया और मौके से भाग निकला। पड़ोसियों ने पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप:
पीड़िता ने खाकी के रक्षक पर ही भक्षक बनने का आरोप लगाया है। मीनाक्षी का कहना है कि जब उसने घटना की सूचना न्यू आगरा थाना प्रभारी योगेश को दी, तो उन्होंने मदद के बजाय उसे ही धमकाया। आरोप है कि SHO ने कहा, "क्यों इसकी नौकरी के पीछे पड़ी हो, ये पुलिस में है इसका तुम कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी।" इसके अलावा मीनाक्षी ने दरोगा के भाई पर भी छेड़छाड़ के संगीन आरोप लगाए हैं।
पुलिस की कार्रवाई:
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि पीड़िता के बयान और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए दरोगा लोकेश भाटी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। दूसरी ओर, आरोपी दरोगा ने इन आरोपों को गलत बताते हुए इसे मामूली कहासुनी के बाद खुदकुशी का प्रयास करार दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।


No comments:
Post a Comment