फैक्ट्री मालिक की कार से 5 लाख की चोरी करने वाला ड्राइवर निकला
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के उद्योगपुरम स्थित एक फैक्ट्री मालिक की कार से बैग में रखी पांच लाख रुपये की नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 28 हजार रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी आशीष कुमार गोयल की परतापुर के उद्योगपुरम में स्वामी सुमन इलेक्ट्रिकल्स नाम से फैक्ट्री है। उनके यहां ग्राम बाजोट थाना लोहियानगर निवासी अमोल पुत्र सुरेश पिछले करीब तीन वर्षों से ड्राइवर के रूप में कार्यरत था।
दो सप्ताह पूर्व फैक्ट्री मालिक की कार में रखे बैग से पांच लाख रुपये चोरी हो गए थे। घटना के बाद से ही ड्राइवर अमोल संदिग्ध बना हुआ था। बताया गया कि उसने एडवांस धनराशि लेने के बाद बिना सूचना दिए छुट्टी कर ली थी और इसी बीच नई मोटरसाइकिल भी खरीद ली थी।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि मालिक उस पर काफी विश्वास करते थे और अक्सर गाड़ी में बैग में पैसे लाते-ले जाते थे। एक दिन सुशांत सिटी में मालिक के गाड़ी से उतरने के बाद उसने बैग से 500-500 रुपये की 10 गड्डियां निकाल लीं और अपने बैग में रख लीं। आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और लालच में आकर उसने चोरी की। चोरी की रकम में से उसने करीब एक लाख रुपये अपनी बहन सोनिया के नाम से एसबीआई बैंक खाते में जमा किए, 80 हजार रुपये फाइनेंस कंपनी में किस्त चुकाई, 78 हजार रुपये कमेटी में जमा किए तथा करीब एक लाख रुपये में स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खरीदी। इसके अलावा 31 हजार रुपये बिजली बिल, 50 हजार रुपये गांव का कर्ज और 10 हजार रुपये जिम फीस में खर्च किए। शेष रकम उसने अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से 28 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment