रेमंड के मालिक गौतम सिंघानिया की मालदीव में बोट पलटी

इलाज के लिए मुंबई एयरलिफ्ट किए गए; हादसे में भारतीय समेत 2 लोग लापता

मुबंई,एजेंसी ।  रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया मालदीव में स्पीडबोट पलटने से घायल हो गए हैं। हादसे में सिंघानिया को चोटें आई हैं और उन्हें एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है।उनके साथ बोट पर सवार भारत के दिग्गज रैली ड्राइवर हरि सिंह और उनके एक अन्य दोस्त अब भी लापता हैं। स्थानीय प्रशासन को अंदेशा है कि लंबा समय बीत जाने के कारण उनकी जान जा सकती है। यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे मालदीव के फेलिधू एटोल के पास हुई।

गौतम सिंघानिया के प्रवक्ता ने कहा, 'गौतम सिंघानिया को मामूली चोटें आई हैं। वे मुंबई में डॉक्टरों की देखरेख में हैं। हम उन सभी दोस्तों की सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं जो इस हादसे में घायल हुए हैं।'

कोस्ट गार्ड के मुताबिक, हादसा तट से करीब 2 नॉटिकल मील दूर हुआ। रात करीब 11 बजे बोट अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। स्पीडबोट पर एक कैप्टन और गौतम सिंघानिया समेत कुल 7 लोग सवार थे। इनमें 5 भारतीय, एक ब्रिटिश और एक रूसी नागरिक शामिल थे।

रेस्क्यू टीम ने सिंघानिया को बचा लिया, लेकिन रैली चैंपियन हरि सिंह और एक अन्य व्यक्ति लापता हैं। रेस्क्यू टीम गोताखोरों और हाई-स्पीड जहाजों की मदद से लापता भारतीयों को खोजने की कोशिश कर रही है।

मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स (MNDF) के कोस्ट गार्ड का कहना है कि केयोधू के पास सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन समंदर की लहरों के कारण उन्हें ढूंढने में दिक्कतें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि एक अन्य यात्री का हाथ कट गया है, जिसकी हालत नाजुक है।

एडवेंचर के शौकीन हैं सिंघानिया और हरि सिंह

गौतम सिंघानिया और हरि सिंह दोनों ही पुरानी दोस्ती और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए जाने जाते हैं। सिंघानिया खुद एक प्रोफेशनल रेसर हैं और हरि सिंह ने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय रैली खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन किया है। वे छुट्टियां मनाने और पावर बोटिंग के लिए मालदीव गए थे।

सिंघानिया के क्लॉथ, रियल एस्टेट सहित कई बिजनेस

गौतम सिंघानिया रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी नेटवर्थ करीब 11 हजार करोड़ रुपए है। रेमंड ग्रुप के पास क्लॉथ, डेनिम, कंज्यूमर केयर, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट सहित अन्य बिजनेस हैं। रेडिमेड कपड़ों के बाजार में ग्रुप की दमदार मौजूदगी है। यह डेनिम कैटेगरी में भी लीडिंग मैन्युफैक्चरर है। कंपनी हाई क्वालिटी डेनिम सप्लाई करती है।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts