रोडवेज बस ने स्कूटी सवार को रौंदा ,मौत
चालक मौके से बस को छाेड़कर हुआ फरार
मेरठ। थाना सदर बाजार क्षेत्र के चिराग चौराहे के पास डयूटी से लौट रहे स्कूटी सवार को रोडवेज बस ने रौंद दिया। मौके पर स्कूटी सवार की मौत हो गयी। राेडवेज बस चालक मौेके से बस को छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा शुक्रवार की शाम सात बजे का है। सफेद रंग की स्कूटी पर सवार एक शख्स माल रोड से चिराग चौराहे की तरफ बढ़ा।जैसे ही स्कूटी सवार ने चौराहा पार करने का प्रयास किया, अचानक बेगमपुल की तरफ से आ रही एक रोडवेज बस के चालक ने लापरवाही से बस दौड़ाते हुए स्कूटी सवार को टक्कर मारी और करीब 20 मीटर तक घसीटकर ले गया।हादसा होते देख राहगीर जोर से चिल्लाए और बस के पीछे दौड़े। इसी चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी ड्यूटी करते हैं, वह भी दौड़कर मौके पर पहुंचे और स्कूटी सवार को संभाला।स्कूटी पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी। उस पर सवार शख्स भी लहूलुहान होकर बेहोश हो गए थे। आनन फानन में लोगों ने उन्हें पास के एक निजी अस्पताल भेज लेकिन चिकित्सक ना होने की बात कहकर वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे
जिला अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सको ने स्कूटी सवार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क साधा। मृतक की पहचान रोहटा रोड गोकुल विहार निवासी 50 वर्षीय जितेंद्र कुमार के रूप में हुई जो गंगानगर में काम करते हैं और अपने घर लौट रहे थे।हादसे की सूचना पर उनका बेटा जतिन परिवार के अन्य लोगों के साथ अस्पताल आ गया। जितेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आरोपी बस चालक मौके से हुआ फरार
जिस रोडवेज बस से यह हादसा हुआ, वह मुजफ्फरनगर डिपो की बस है। बस का नंबर UP78-HT-7935 जबकि स्कूटी का नंबर UP15-CC-7379 है। हादसे के बाद आरोपी बस का चालक मौके पर ही बस को छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंचे सदर बाजार थाने के सब इंस्पेक्टर अभिलाष कुमार ने अफसरों को सूचना दी और बस व स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया।


No comments:
Post a Comment