ईद से  एक दिन पहले मेरठ में दूध की डेरियों पर भीड़

लोग पैकिंग से ज्यादा खुला दूध खरीद रहे, मावा की बिक्री भी बढ़ी

 मेरठ।  ईद उल फितर के त्योहार से पहले दूध की डेरियों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग पैकिंग वाले दूध की बजाय खुला दूध खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसके साथ ही मावा और मट्ठा की बिक्री में भी तेजी देखी जा रही है।

 शनिवार को पूरे देश में ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय पारंपरिक रूप से सीर (शीर खुरमा) बनाता है, जिसके लिए दूध, ड्राई फ्रूट्स और अन्य सामग्री की आवश्यकता होती है। इसी कारण दूध और उससे जुड़े उत्पादों की मांग में अचानक वृद्धि हुई है।दूध कारोबारियों के अनुसार, त्योहार के चलते सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री कई गुना बढ़ गई है। ग्राहकों का कहना है कि डेरी से ताजा और खुला दूध मिलने के कारण वे पैकिंग वाले दूध के बजाय सीधे डेरियों से खरीदारी कर रहे हैं।

करीम नगर  निवासी  डेरी संचालक इस्लाम  ने बताया कि देर शाम से ही उनकी डेरी पर लोगों की भीड़ लगी हुई है। उन्होंने कहा कि लोग खुला दूध खरीदने के साथ-साथ मावा, मट्ठा और घी भी पसंद कर रहे हैं। उनके मुताबिक, अब तक उनकी डेरी से 22 क्विंटल दूध बिक चुका है और आज पूरी रात उनकी डेरी खुली रहेगी।

हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण दूध की संभावित किल्लत की चर्चाएं सामने आई थीं। हालांकि, मेरठ में इसका कोई असर देखने को नहीं मिला है। शहर में दूध की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और लोग त्योहार की खरीदारी में व्यस्त हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts