युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या
प्रेम प्रसंग की रंजिश में घर में घुसकर उतारा मौत के घाट
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के गांव शाहदरा बांगर में सोमवार की शाम रंजिश की आग ने एक और जान ले ली। गांव के ही तीन हमलावरों ने घेरकर 24 वर्षीय अक्षय कुमार पुत्र चंद्रपाल रोशवाल की उस वक्त बेरहमी से हत्या कर दी, जब वह खेत से काम निपटाकर घर लौट रहा था। आरोपियों ने अक्षय का पीछा कर उसे दूसरे के घर में घुसकर गोलियों से भून डाला। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
अक्षय (24) सोमवार शाम करीब 7 बजे रसूलपुर मार्ग स्थित अपने खेतों से घर लौट रहा था। जैसे ही वह आबादी के समीप पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही तीन व्यक्तियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए लहूलुहान अक्षय पास के ही विक्रम गुर्जर के घर में घुस गया। लेकिन हमलावरों का खून इस कदर सवार था कि वे घर के भीतर जा पहुंचे और अक्षय पर धारदार हथियारों से वार करने के बाद उसे गोली मार दी। गोली लगने से अक्षय की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश बनी मौत का कारण ?
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ देवव्रत बाजपेई और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतक अक्षय के संबंध पड़ोस की एक विवाहिता महिला से थे, जिसने कुछ समय पूर्व जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। महिला के परिजन तभी से अक्षय से रंजिश रखते थे और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
परिवार में कोहराम, पुलिस की दबिश जारी
अक्षय दिल्ली में नौकरी करता था और फिलहाल छुट्टी पर घर आया हुआ था। उसकी मौत से पिता चंद्रपाल, माता राजवती और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


No comments:
Post a Comment