आगरा के सेंट पैट्रिक्स स्कूल पर 5 लाख का जुर्माना

 यूनिफॉर्म और किताबों की मनमानी बिक्री पर डीएम का सख्त एक्शन

आगरा। ताजनगरी के प्रतिष्ठित सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज द्वारा अभिभावकों पर विशेष दुकानों से किताबें खरीदने और स्कूल परिसर के भीतर ही यूनिफॉर्म बेचने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी के आदेश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नियमों के उल्लंघन के दोषी पाए जाने पर स्कूल पर 5 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।

बीते गुरुवार को जीआईसी प्रधानाचार्य डॉ. मानवेंद्र सिंह और खंड शिक्षाधिकारी बाह अमरनाथ ने स्कूल में औचक छापेमारी की थी। इस दौरान स्कूल के भीतर ही काउंटर लगाकर यूनिफॉर्म बेची जाती मिली। मौके पर मौजूद अभिभावकों ने अधिकारियों को बताया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा संजय प्लेस स्थित एक विशिष्ट बुक डिपो से ही पुस्तकें खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम की नाराजगी और जुर्माना

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने जांच रिपोर्ट और अभिभावकों के पक्ष को सुनने के बाद गहरी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने शासन के आदेशों का खुला उल्लंघन मानते हुए स्कूल पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षाधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने स्कूल को नोटिस जारी करते हुए कुल 5 लाख रुपये का जुर्माना भरने और स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है।

8 अन्य स्कूल भी रडार पर

नया सत्र शुरू होते ही स्कूलों और प्रकाशकों की सांठगांठ के खिलाफ प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। डीएम ने शिक्षाधिकारियों को जनपद के 8 अन्य प्रमुख स्कूलों की भी जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब प्रतिदिन स्कूलों के विरुद्ध मिल रही शिकायतों पर छापेमारी की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले स्कूलों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts