आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीगः

 व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 43 रन से जीता मैच

- व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 275 रन बना कर आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग का सबसे बड़ा स्कोर बनाया 

- मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर लीग का दूसरा बड़ा स्कोर 232 रन बनाए 

- मैन ऑफ द मैच बने व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के अभय चौहान ने 48 गेंद पर 88 रन बनाए

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर गुरुवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से मेरठ सिविल लाइन हीरोज और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के बीच खेला गया। मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया।

व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के सलामी बल्लेबाज कप्तान हर्ष त्यागी और अभय चौहान ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। चौथा ओवर समाप्त होने तक टीम का स्कोर 57 रन हो चुका था लेकिन कप्तान हर्ष त्यागी बड़ा शॉट मारने के प्रयास में रुद्र शर्मा की गेंद पर तुषार त्यागी को कैच दे बैठे। हर्ष त्यागी ने 4 चौके- 2 छक्के के साथ 10 गेंद पर 29 रन बनाए। शशांक (4 गेंद पर 10 रन) ने भी तेजी से रन बनाने का प्रयास किया लेकिन अर्णव त्यागी की गेंद पर उज्जवल यादव ने उनका कैच पकड़ लिया। वासुदेव (5 रन) भी विकेट पर टिक नहीं पाए और अर्णव त्यागी की गेंद पर यश गर्ग ने उनका कैच पकड़ लिया। विकटों के गिरने के दौर के बीच में अभय चौहान आतिशी बल्लेबाजी करते रहे। निर्देेश बैसोया ने भी उनका भरपूर साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई महत्वपूर्ण साझेदारी के चलते व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 128 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। 

अर्णव त्यागी के ओवर में लगातार दो छक्के मारने वाले अभय चौहान इसी ओवर में सामने छक्का मारने के प्रयास में ओशो मोहन को कैच दे बैठे। अभय चौहान ने 5 चौके-8 छक्के के साथ 48 गेंद पर 88 रन बनाए। इसके बाद निर्देेश बैसोया को वंश विकल ने अपने जाल में फंसाया और वह अर्पित मलिक को कैच दे बैठे। 

निर्देश बैसोया ने 4 चौके-2 छक्के के साथ 21 गेंद पर 43 रन बनाए। निर्देश के आउट होने के बाद मेरठ सिविल लाइन हीरोज को मैच में वापसी करने का मौका मिला। हालांकि 14.2 ओवर में व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर का स्कोर 189 रन हो चुका था। हिमांशु (1 रन) यश गर्ग की गेंद पर रितुराज शर्मा को कैच दे बैठे। प्रशांत और चैतन्य ने स्कोर को आगे बढ़ाना शुरू किया और 16 ओवर में स्कोर 203 रन पहुंच गया। तभी चैतन्य 9 रन बनाकर तुषार त्यागी के थ्रो पर रन आउट हो गए। 17 ओवर में 220 रन बनाकर टीम मजबूत स्थिति में थी। 

नौवें नबर पर आए फैसल अल्वी भी बखूबी साथ निभा रहे थे और दूसरे छोर से प्रशांत आतिशी शॉट लगा रहे थे। वंश विकल के ओवर में लगातार तीन गगनचुंबी छक्के लगा कर प्रशांत ने टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया।

व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 275 रन बना कर आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना डाला।प्रशांत ने 2 चौके-7 छक्के के साथ 22 गेंद पर नाबाद 59 रन बनाए। वहीं फैसल अल्वी 5 गेंद पर 11 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।मेरठ सिविल लाइन हीरोज के गेंदबाज अर्णव त्यागी ने 3, यश गर्ग, वंश विकल और रुद्र शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।

एक असंभव से दिख रहे लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी मेरठ सिविल लाइन हीरोज की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज कार्तिक बिना कोई रन बनाए निशांत जिंदल की गेंद पर शशांक के हाथों कैच आउट हो गए। उज्जवल यादव ने 7 गेंद पर 19 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई मगर निशांत जिंदल की अंदर आती गेंद को समझने में चूके और गेंद ने उनकी विकेट उखाड़ दी। अर्णव त्यागी 12 गेंद पर 16 रन बनाकर हिमांशु की थ्रो पर रन आउट हो गए। अर्पित ने संर्घष किया मगर 13 गेंद पर 21 रन बनाकर वह विकास का शिकार बने जब हर्ष त्यागी ने उनका कैच लपक लिया।

इस लीग में अब तक खास प्रदर्शन न करने वाले रितुराज शर्मा ने एक छोर से आतिशी बल्लेबाजी करना जारी रखा। 10वां ओवर फेंक रहे विकास के ओवर में 27 रन आए जिसमें 26 रन रितुराज शर्मा के बल्ले से थे। 10 ओवर में टीम का स्कोर 124 रन तक पहुंचा लेकिन तब तक चार विकेट भी गिर चुके थे और लक्ष्य काफी दूर दिखाई दे रहा था। 

141 के स्कोर पर टीम को पांचवा झटका लगा जब कप्तान रितुराज शर्मा निर्देश बैसोया की गेंद पर हिमांशु छोकर को कैच दे बैठे। रितुराज शर्मा ने 7 चौके-5 छक्के के साथ 25 गेंद पर 65 रन बनाए। ओशो मोहन और याहया रिजवी विकेट पर मौजूद थे और सामने असंभव सा लक्ष्य था। याहया रिजवी 9 रन बनाकर अर्श की गेंद पर वासुदेव को कैच दे बैठे। 20वें ओवर में यश गर्ग दुर्भाग्यशाली रहे और रन आउट हो गए। ओशो मोहन 5 छक्कों के साथ 35 गेंद पर 56 रन बनाकर आउट हुए। निर्देश बैसोया की गेंद पर निशांत जिंदल ने ओशो मोहन का कैच पकड़ा। तुषार विना कोई रन बनाए नॉटआउट लौटे। 

मेरठ सिविल लाइन हीरोज ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर लीग का दूसरा बड़ा स्कोर हासिल करते हुए 232 रन बनाए। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने 43 रन से मैच जीत लिया। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के गेंदबाज निर्देश बैसोया ने दो, निशांत ने दो, अर्श और विकास ने एक-एक विकेट लिए। दो बल्लेबाज रन आउट हो गए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts