कार ट्रेनर का अपहरण:बदमाश स्कॉर्पियो में ले गए
बुलंदशहर में मिली लोकेशन, पुलिस कर रही तलाश
मेरठ। थाना खरखौदा क्षेत्र के धीरखेड़ा गांव में रविवार को दिनदहाड़े एक कार ट्रेनर का अपहरण कर लिया गया। काली स्कॉर्पियो सवार आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पीड़ित के परिजनों में कोहराम मच गया।
धीरखेड़ा स्थित नंबरदार सेल्फ ड्राइव नाम से सुशांत त्यागी का कार ट्रेनिंग सेंटर है, जहां ड्राइविंग सिखाने के साथ पुरानी कारों की खरीद-बिक्री भी होती है। यहीं कैली गांव निवासी 27 वर्षीय कार्तिक जाटव ट्रेनर के रूप में काम करता है। रविवार शाम सेंटर मालिक बाहर थे, तभी काली स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने हथियारों के बल पर कार्तिक का अपहरण करने की कोशिश की। जान बचाने के लिए कार्तिक भागा और करीब 500 मीटर दूर एचपी पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुस गया।बदमाश पीछा करते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस तक पहुंच गए। वहां कार्तिक की पिटाई की गई और जबरन स्कॉर्पियो में डाल लिया गया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर भी हथियार तान दिए। इसके बाद आरोपी कार्तिक को लेकर हापुड़ की ओर फरार हो गए।
मोबाइल लोकेशन बुलंदशहर में मिली, पुलिस अलर्ट
अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। कार्तिक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया, जिसकी लोकेशन बुलंदशहर के बीबीनगर में मिली। इसके बाद सीओ किठौर प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ बुलंदशहर के लिए रवाना हो गए। पुलिस का कहना है कि अपहृत की सकुशल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद से कार्तिक के परिवार में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।


No comments:
Post a Comment