अशोका अकादमी के छात्रों ने देखी प्रेम चंद पर आधारित फिल्म गोदान
मेरठ। कंकरखेड़ा स्थित अशोका एकेडमी द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षिक, साहित्यिक एवं नैतिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी साहित्य के महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद के कालजयी उपन्यास “गोदान” पर आधारित चलचित्र का विशेष प्रदर्शन स्थानीय मिलांज सिनेमा गृह में आयोजित कराया गया। आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय साहित्य की यथार्थवादी परंपरा, ग्रामीण जीवन की संवेदनाओं तथा सामाजिक संरचना की गहराइयों से परिचित कराने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अत्यंत रुचि, अनुशासन एवं उत्साह के साथ चलचित्र का अवलोकन किया। फिल्म के माध्यम से उन्हें भारतीय ग्रामीण परिवेश, कृषक जीवन की समस्याओं, सामाजिक विषमताओं, पारिवारिक मूल्यों तथा नैतिक संघर्षों को समझने का सजीव अवसर प्राप्त हुआ। विद्यालय प्रशासन का मानना है कि पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ इस प्रकार के दृश्य माध्यम विद्यार्थियों की संवेदनशीलता, विचार क्षमता एवं साहित्यिक समझ को विकसित करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा की गई निःशुल्क एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों के लिए आवागमन एवं प्रदर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
कार्यक्रम में अशोका एकेडमी के अध्यापकगण भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए फिल्म के साहित्यिक एवं सामाजिक पक्षों पर संक्षिप्त चर्चा भी की। अंत में विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इसी प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों के आयोजन हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


No comments:
Post a Comment