शोभित विवि में प्रेरणा दिवस पर तीन दिवसीय अंतर-विवि खेलकूद महोत्सव, 6 से 8 फरवरी तक
14 देशों के अंतरराष्ट्रीय छात्र 22 राज्यों से आए छात्र-छात्राएँ सक्रिय सहभागिता करेंगे
मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में प्रेरणा दिवस के अवसर पर 6 फरवरी से 8 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत बाबू विजेन्द्र कुमार की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेन्द्र ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि खेल महोत्सव में विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से आए छात्र-छात्राएँ भाग लेंगे। इस आयोजन की एक विशिष्ट विशेषता यह है कि इसमें शोभित विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 14 देशों के अंतरराष्ट्रीय छात्र तथा भारत के 22 राज्यों से आए छात्र-छात्राएँ सक्रिय सहभागिता करेंगे। विभिन्न देशों और राज्यों से आए विद्यार्थियों की यह सहभागिता विश्वविद्यालय परिसर को एक बहुसांस्कृतिक, समावेशी और जीवंत खेल उत्सव का स्वरूप प्रदान करेगी।
खेलकूद महोत्सव का उद्घाटन 6 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे मशाल प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में एनसीसी कैडेट्स द्वारा मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा, जो अनुशासन, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को रेखांकित करेगा। इसके उपरांत अंतरराष्ट्रीय छात्रों के बीच फुटबॉल मैच के साथ प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ होगा।प्रतियोगिता के दूसरे दिन 7 फरवरी 2026 को खेलकूद के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों की व्यापक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इनमें 200 मीटर दौड़, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, लॉन्ग जंप, हाई जंप, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, टग ऑफ वॉर, थ्रो बॉल, रिले रेस, शतरंज और कैरम जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त पोस्टर मेकिंग, क्रिएटिव राइटिंग, रंगोली, वॉल पेंटिंग, स्टोन पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, बेस्ट-आउट-ऑफ-वेस्ट तथा “स्टोरीज टोल्ड थ्रू लेंस” विषय पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी। इस वर्ष विशेष रूप से गर्ल्स खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
8 फरवरी 2026 को विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएँगे, जिनके पश्चात प्रतियोगिता का समापन समारोह होगा। इसी दिन विश्वविद्यालय द्वारा रोटरी दिल्ली कैपिटल ब्लड के सहयोग से सामाजिक दायित्व से जुड़ी गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी।
वार्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता का एक स्थायी उदाहरण है, जो पिछले 31 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। जहाँ प्रतिवर्ष 100 से अधिक यूनिट रक्तदान किया जाता रहा है, वहीं इस वर्ष 200 से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। यह पहल विश्वविद्यालय समुदाय की सामाजिक चेतना और सेवा भाव को दर्शाती है।
प्रेरणा दिवस के अवसर पर वाणी स्कूल के विशेष छात्र भी खेल महोत्सव में शामिल होकर प्रतियोगिताओं का उत्साहवर्धन करेंगे। उनकी सहभागिता आयोजन को समावेशिता, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों से जोड़ती है।तीन दिवसीय यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि खेल, रचनात्मकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में शोभित विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. के. त्यागी, वंश शेखर ,डॉ. देवेंद्र नारायण, डॉ. अभिषेक डबास, डॉ. दिव्या प्रकाश, राज किशोर सिंह, जितेंद्र जादौन, राजेश पाण्डेय एवं डॉ. नेहा त्यागी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment