अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व पर विभिन्न कार्यक्रम का होगा आयोजन
मेरठ। भारत माता के महान सपूत नेताजी सुभाषचंद्र बोस के त्याग, तप और अद्वितीय नेतृत्व को जन-जन तक पहुँचाने ध्यान में रखते हुए सुभारती विवि ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर को “अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व” के अवसर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
स्वामी विवेकानंद सुभारती विवि के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने बताया कि 21 अक्टूबर, 2026 को “अखंड भारत स्वतंत्रता दिवस महापर्व” के अवसर पर वाद-विवाद, निबंध लेखन, चित्रकला (पेंटिंग) तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए एक व्यापक योजना तैयार की गयी है। जिसके तहत प्रतियोगिताओं का विषय “चरित्र— राष्ट्रीय चरित्र, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, आज़ाद हिन्द सेना तथा स्वाधीनता आंदोलन” निर्धारित किया गया है। आयोजन के प्रमुख उद्देश्य हैं- विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चरित्र, समर्पण और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना; नेताजी के जीवन, नेतृत्व और त्याग से युवाओं को प्रेरणा प्रदान करना; उनकी रचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का विकास करना; आत्मविश्वास एवं प्रस्तुतीकरण कौशल को प्रोत्साहित करना; तथा स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास के प्रति ज्ञान और गौरव की भावना जागृत करना है
यह प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएँ होंगी, जिनमें प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस चरण में महापर्व आयोजन समिति का एक प्रतिनिधि अथवा पर्यवेक्षक उपस्थित रहेगा। द्वितीय चरण में प्रत्येक संस्थान से चयनित विजेता विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर में आमंत्रित किया जाएगा, जहाँ वे अंतिम प्रस्तुति देंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सु-भारत कार्ड प्रदान किए जाएँगे। द्वितीय चरण के विजेताओं को विशेष सम्मान एवं पुरस्कार दिए जाएँगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन मात्र एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में स्वाधीनता, साहस, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की चेतना जागृत करने का प्रेरक अभियान है, जिससे विद्यार्थी नेताजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर एक सशक्त, समर्पित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।


No comments:
Post a Comment