महाशिवरात्रि, ​विशेष ​रूप से सजाया जाएगा  औघड़नाथ मंदिर

सीसीटीवी, पुलिस-अर्द्ध सैनिक बल की निगरानी में पूजे जाएंगे बाबा ​औघड़नाथ

प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने श्री औघड़नाथ मंदिर का निरीक्षण किया

मेरठ। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर  औघड़नाथ मंदिर में ​विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया जा रहा है। साथ ही ​महादेव व पार्वती की पोशाकें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।  शिवभक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीसीटीवी कैमरे, पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल की निगरानी में महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। मंगलवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने श्री औघड़नाथ मंदिर का निरीक्षण किया।

श्री औघड़नाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल का कहना है कि महाशिवरात्रि पर करीब 2.5 लाख श्रद्धालु आने का अनुमान है। श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक को लेकर 1000 अतिरिक्त लोटों की व्यवस्था की गई है। दर्शन के लिए बैरिकेडिंग के माध्यम से गरुण द्वार से प्रवेश कराया जाएगा, जबकि नंदी द्वार से निकासी होगी। महाशिवरात्रि पर मंदिर को आकर्षक लाइटों से सजाया जाएगा। पर्व के दिन विदेशी फूलों से विशेष सजावट की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। वहीं, ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। कैंट बोर्ड की ओर से पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी।  नेन्सी चौपला, बालाजी चौपला और एमएच रोड पर वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत दो एम्बुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर तैनात रहेंगी। 

पूरी रात खुलेगा मंदिर

15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन मंदिर पूरी रात खुला रहेगा। तीन प्रहर की आरती होगी-पहली आरती शाम 7 बजे, दूसरी रात 11 बजे और तीसरी रात 1 बजे होगी। इसके बाद सुबह 4 बजे भोर में बाबा औघड़नाथ की विशेष आरती होगी। सुबह 5 बजे से श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे, जो रात 12 बजे तक खुले रहेंगे। कांवड़ियों के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है।

कमिश्नर और डीआईजी ने व्यवस्थाएं परखीं

 कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी अविनाश पांडेय, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एडीएम सिटी, एसपी यातायात, सीओ कैंट, कैंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत बाबा औघड़नाथ मंदिर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को परखा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts