नोबल पब्लिक स्कूल में 12वीं के छात्र-छात्राओं को दी भावभीनी विदाई
- कक्षा ग्यारह के छात्र-छात्राओं ने किया फेयरवेल ‘यादें 2026’ का आयोजन
- आसकीन को मिस्टर फेयरवेल तथा काजल को मिस फेयरवेल 2026 का दिया खिताब
मेरठ । गढ़ रोड स्थित नोबल पब्लिक स्कूल में कक्षा ग्यारह के छात्र-छात्राओं द्वारा फेयरवेल ‘यादें 2026’ का आयोजन कर कक्षा बारह के छात्र-छात्राओं को भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल डायरेक्टर डॉ. पी.के. शर्मा, डॉ अमित शर्मा व प्रधानाचार्य डॉ मनोज त्यागी ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। आगामी बोर्ड परीक्षा हेतु विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का आह्वान करने के लिए आयोजित यज्ञ में छात्र-छात्राओं ने श्रद्धाभाव से आहुति दी।
फेयरवेल ‘यादें 2026’ में जूनियर छात्रों द्वारा वरिष्ठ विद्यार्थियों का तिलक कर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कक्षा ग्यारह के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमे साउथ इंडियन, राजस्थानी नृत्य एवं हमारा नोबल ग्रुप नाटक को सभी अतिथियों के द्वारा सराहा गया। कक्षा बारह के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय तथा शिक्षकों हेतु आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
फेयरवेल का संचालन कक्षा ग्यारह के छात्र आदर्श एवं यथार्थ के द्वारा किया गया। सभी वरिष्ठ विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, बैलून रेस तथा डांस की प्रस्तुतियां भी दीं। वरिष्ठ छात्र छात्राओं को उनकी विशेषताओं के आधार पर अलग-अलग नाम से बैज लगाकर सम्मानित किया गया। फेयरवेल में छात्र आसकीन को मिस्टर फेयरवेल, छात्रा काजल को मिस फेयरवेल 2026 की उपाधि प्रदान की गई । छात्रा मानसी सिंह स्टार ऑफ द नोबल बनीं। विद्यालय की ओर से छात्र मोहित, अंशिका एवं स्वालेहा का चयन डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल चॉइस की श्रेणी में किया गया।
अंत में स्कूल डायरेक्टर व स्कूल प्रधानाचार्य द्वारा विद्यार्थियों को उपहार देकर उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी गई। आईआईएमटी समूह के चेयरमैन योगेश मोहनजी गुप्ता, प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल एवं प्रबंध संचालिका श्रीमती पियांशु अग्रवाल ने सभी छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य एवं बोर्ड परीक्षाओं हेतु शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम आयोजन में सविता शर्मा, नीता राघव, अंशु शर्मा व कक्षा 11 और 12 के सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment