नौचंदी क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, लाखों का नुकसान 

-पुलिस ने गेट तोड़कर परिवार के पांच सदस्यों की बचाई जान 

-एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के जवानों ने बुझाया 

मेरठ। जय देवी नगर में एक मकान में भीषण आग लगी। आग में परिवार के पांच सदस्य घिर गए थे। पुलिस ने जान की परवाह किए बिना दरवाजा तोड़कर परिवार के सभी सदस्यों को सकुशल बाहर निकल कर उनकी जान बचाई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का सामान और घर में खड़े तीन वाहन आग में जलकर राख हो गए। आग शार्ट सर्किट से लगी थी। 

नौचंदी थाना क्षेत्र के जय देवी नगर निवासी अशोक कुमार ने घर के नीचे दूध डेयरी खोल रखी है, जबकि परिवार के सदस्यों के साथ वह प्रथम तल पर रहते हैं। मंगलवार देर रात अचानक मकान में लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसके बाद मीटर के आसपास रखे सामान में आग लग गई। इससे पहले परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते आगे घर में फैलती चली गई। आग को देखकर अशोक कुमार ने शोर मचाया दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस बीच स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप  धारण कर चुकी थी। नौचंदी थाना पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए लोहे का गेट तोड़ा और आग के बीच फंसे परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही पास खड़े कई वाहनों को भी आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान में रखा करीब सात लाख रुपये का सामान व तीन वाहन जलकर राख हो चुके थे। मकान में कई गैस सिलेंडर भी मौजूद थे। अगर उनमें आग लग जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया, प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगी है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts