मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा आज आएंगे
एसआईआर अभियान की प्रगति और सुनवाई की करेंगे समीक्षा
मेरठ। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा आज यानी शनिवार को मेरठ का दौरा करेंगे। वे यहां एसआइआर अभियान की प्रगति की समीक्षा करेंगे और नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे।अपने दौरे के दौरान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अभियान के संबंध में जानकारी लेंगे। वे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ भी बैठक करेंगे, उन्हें प्रेरित करेंगे और अच्छा काम करने वाले बीएलओ को सम्मानित भी करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कार्यक्रम मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के सुनवाई केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सुनवाई के लिए आने वाले मतदाताओं के बैठने तथा अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। गुरुवार को जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी प्रशासन के निर्देश पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
जिला प्रशासन को प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार, नवदीप रिणवा सुबह मेरठ पहुंचकर सबसे पहले सुनवाई केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे विकास भवन सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।इस बैठक में वे एसआइआर अभियान से संबंधित शिकायतें और सुझाव सुनेंगे। इसके उपरांत, जिला निर्वाचन अधिकारी सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) और एईआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) के साथ समीक्षा बैठक होगी। अंत में, वे बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करेंगे।


No comments:
Post a Comment