वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले टीम से जुड़ेंगे रिंकू सिंह
नयी दिल्ली,एजेंसी। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से पहले टीम से जुड़ेंगे। इसकी जानकारी बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने दी है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने रिंकू सिंह की वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में उपलब्धता को लेकर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि स्टार बल्लेबाज शनिवार को कोलकाता में टीम इंडिया से जुड़ेंगे। रिंकू अपने पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर लौटे थे।
स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। सूचना मिलने के बाद रिंकू पिता के अंतिम दर्शन के लिए अलीगढ़ पहुंचे थे। इस संकट के समय में उनका रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में खेलना संदिग्ध माना जा रहा था। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि कर दी है कि रिंकू शनिवार को टीम से जुड़ेंगे। समाचार एजेंसी आईएएनस से बात करते हुए सैकिया ने कहा, 'रिंकू सिंह कल (शनिवार) कोलकाता में टीम से जुड़ जाएंगे।'
नम आखों से दी अंतिम विदाई
रिंकू के पिता खानचंद तीन दिन से नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थे। वह लिवर कैंसर के स्टेज-4 से जूझ रहे थे। शुक्रवार को खानचंद का पार्थिव शरीर अलीगढ़ लाया गया, जहां स्टार बल्लेबाज और उनके पिता ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। रिंकू की कामयाबी में उनके पिता की अहम भूमिका रही।
भारत के लिए अहम है मुकाबला
मौजूदा टूर्नामेंट में रिंकू उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। उन्होंने पांच पारियों में कुल 24 रन बनाए हैं, जिसमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शून्य पर आउट होना भी शामिल है। गत विजेता भारत रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 चरण के अहम मुकाबले में उतरेगा। यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से वर्चुअल नॉकआउट माना जा रहा है। इस मैच की विजेता टीम ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका के साथ सेमीफाइनल में पहुंचेगी।



No comments:
Post a Comment