कोलकाता में लगे भूकंप के तेज झटके, दहशत
लोग घरों और ऑफिस से बाहर सड़कों पर आए
नई दिल्ली (एजेंसी)।कोलकाता में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप इतना तेज था कि लोग अपने घरों और ऑफिस से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.0 मापी गई है। ये भूकंप आज शुक्रवार, 27 फरवरी की दोपहर करीब 1 बजकर 22 मिनट पर आया। इस भूकंप का केंद्र भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के पास बांग्लादेश में 3 किलोमीटर अंदर था।
कोलकाता में जब भूकंप आया, तब केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार एक सभा को संबोधित कर रहे थे। सुकांत मजूमदार ने अपने संबोधन के दौरान ही भूकंप के झटके महसूस किए।
सिक्किम में भी आज तड़के सुबह 4 बजकर 10 मिनट पर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई। भूकंप की वजह से पश्चिम सिक्किम के दो स्कूलों की दीवारों पर दरारें पड़ने की जानकारी मिली। टाशीडिंग के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और गेरेथांग जूनियर हाईस्कूल की सीलिंग गिरने जैसी घटना भी सामने आई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


No comments:
Post a Comment