ब्राजील के कृषि मंत्री ने देखा भारतीय प्राकृतिक खेती का कमाल

-- मोदीपुरम स्थित कृषि प्रणाली संस्थान में पुनर्योजी कृषि पर गहन मंथन, तकनीकी आदान-प्रदान में दिखाई रुचि

 मेरठ। मोदीपुरम स्थित भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान में बुधवार को उस समय अंतरराष्ट्रीय माहौल बन गया, जब ब्राजील के कृषि मंत्री लुइज पाऊलो टेक्जीरा फेरीरा अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ संस्थान पहुंचे। संस्थान परिसर में उनका पारंपरिक स्वागत किया गया और भारत-ब्राजील के बीच पुनर्योजी कृषि को बढ़ावा देने पर व्यापक चर्चा हुई।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के उप महानिदेशक डॉ. ए.के. नायक, सहायक महानिदेशक डॉ. ए. वेलमुरूगन तथा संस्थान के निदेशक डॉ. सुनील कुमार ने मंत्री व प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। परिचर्चा के दौरान प्रकृति आधारित समाधान, प्राकृतिक खेती और जल-मृदा संरक्षण पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

मॉडल नेचुरल फार्म का किया भ्रमण

-- ब्राजीलियाई दल ने राष्ट्रीय मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत विकसित मॉडल प्राकृतिक फार्म का निरीक्षण किया। मिशन के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. एन. रविशंकर ने प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न प्राकृतिक आगतों के उत्पादन और उनकी उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. चंद्रभानु ने मौके पर ही प्राकृतिक आगत तैयार करने का प्रदर्शन किया तथा लघु एवं सीमांत किसानों के लिए विकसित मॉडल नेचुरल फार्म की विशेषताएं बताईं।

किसानों से सीधा संवाद, उत्पादों का लिया स्वाद

-- मंत्री फेरीरा ने क्षेत्र के प्रगतिशील प्राकृतिक किसान  सुनील कुमार (ग्राम भमौरी, मेरठ) एवं विकास बालियान (ग्राम भोरा-खुर्द, मुजफ्फरनगर) से सीधा संवाद किया। किसानों द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता और विपणन संभावनाओं पर चर्चा की तथा उत्पादों का स्वाद लेकर उनकी सराहना की। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से गुलविना बधान ने भी परिचर्चा में भाग लिया। ब्राजील प्रतिनिधिमंडल में श्री मॉरिसियों पालीडोरो, मिस मिरांडा डी ओलिवेरिया, श्री जोश क्रिस्पिनियानो जूनियर, श्री इडुवार्र्डो ब्रागा तथा पुर्तगाली-हिंदी-अंग्रेजी अनुवादक श्री जसमीत सिंह चावला शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. आर.पी. मिश्र, डॉ. राघवेंद्र सिंह, डॉ. टी.पी. स्वर्णम, डॉ. पी.सी. जाट, डॉ. ए.के. प्रुष्टि, डॉ. अमृत लाल मीणा, डॉ. रघुवीर सिंह, डॉ. कमलेश कुमार एवं डॉ. राघवेंद्र के.जे. सहित सभी वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts