रघुनंदन ज्वैलर्स पर एक करोड़ के जेवरात की ठगी

 मेरठ। आबूलेन पर आबू प्लाजा स्थित रघुनंदन ज्वेलर्स में एक करोड़ के आभूषणों की ठगी कर ली गई। इसे लेकर बुधवार शाम आबूलेन पर हंगामा हो गया। मौके पर पुलिस पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। 

बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि कृष्णा नाम के युवक ने बुधवार दोपहर लगभग एक बजे रघुनंदन ज्वेलर्स में व्हाट्सएप कॉल किया। युवक ने कहा कि उन्हें लगभग एक करोड़ रुपए के आभूषण खरीदने हैं। 


कृष्णा ने कहा कि वह अपने भतीजे को उनके शोरूम पर भेज रहा है। लगभग 20 मिनट बाद एक युवक ज्वेलर्स के यहां पहुंचा और उसने खुद को कृष्णा का भतीजा बताया। उसने ज्वेलर्स के यहां से गले का हार, अंगूठी, बुंदे समेत करीब 600 ग्राम सोने के आभूषण पसंद किए। सराफ ने व्हाट्सएप कॉल पर बात करते हुए कृष्णा से ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा। 

 कृष्णा ने कहा कि अभी वह ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर सकता, कुछ देर में कैश भेज रहा है। बाद में वह नकदी वापस लेकर ऑनलाइन पेमेंट कर देगा। लगभग आधे घंटे बाद रघुनंदन ज्वेलर्स के शोरूम पर चार लोग पहुंचे। इनमें से दो सदर बाजार मेरठ और दो मुजफ्फरपुर बिहार के बताए गए। विजय आनंद का कहना है कि चारों ने आभूषण का भुगतान ज्वेलर्स को कर दिया। इसके बाद कृष्णा का कथित भतीजा आभूषण लेकर वहां से चला गया। 

 उसके जाने के बाद भुगतान करने वाले चारों लोगों ने अपना पेमेंट वापस देने के लिए कहा। उनका कहना था कि कृष्णा या उसके कथित भतीजे से उनका कोई संबंध नहीं है। ज्वेलर्स ने बताया कि उसने आभूषण के बदले रुपए लिए हैं। इस बात पर चारों हंगामा करने लगे और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। आशंका है कि भुगतान देने वाले चारों लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज आदि जुटाकर मामले की जांच कर रही है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts