एमआईटी में 23 फरवरी से वार्षिकोत्सव ‘मृदंग-2026’ का आगाज़
24 फरवरी को शिवा चौधरी की लाइव प्रस्तुति मुख्य आकर्षण
मेरठ। परतापुर बाईपास स्थित मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में 23 और 24 फरवरी को वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘मृदंग-2026’ का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक विविधता, युवा प्रतिभा और नवाचार का संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम समन्वयक डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को रचनात्मक मंच प्रदान करना और देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण विषयक गतिविधियों के साथ पारंपरिक लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न राज्यों के व्यंजनों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
23 फरवरी को सोलो डांस, एकल गायन, बैटल ऑफ बैंड्स, रैप बैटल, थीम आधारित फैशन शो और डीजे नाइट जैसे आकर्षक कार्यक्रम होंगे। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसी दिन ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा के तहत ‘टॉयकाथॉन-2026’ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें छात्र भारतीय संस्कृति, प्राचीन ग्रंथों और पारंपरिक खेलों से प्रेरित स्वदेशी खिलौनों का निर्माण करेंगे। इसका उद्देश्य घरेलू खिलौना उद्योग को बढ़ावा देना और लुप्तप्राय पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करना है।
24 फरवरी को नुक्कड़ नाटक, समूह नृत्य प्रतियोगिता और विजेता प्रतिभागियों का सम्मान समारोह आयोजित होगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण हरियाणा की प्रसिद्ध गायिका एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर शिवा चौधरी की लाइव प्रस्तुति रहेगी। वह अपने चर्चित गीत ‘जले 1’, ‘जले 2’, ‘टैग आवारा के’, ‘काले कागज’, ‘सरपंच’ और ‘फाइनेंसर’ प्रस्तुत करेंगी।
इस मौके पर अजय चौधरी, डॉ. गौरव शर्मा, पी.के. गौतम, रीतिमा, सोनल सहित छात्र समन्वयक खुशी, सारांश, कुश, प्रतीक, गायत्री, अलीशा और ऋतिक मौजूद रहे।
‘मृदंग-2026’ के माध्यम से एमआईटी विद्यार्थियों को सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और मनोरंजन का सशक्त मंच प्रदान करेगा।


No comments:
Post a Comment