लक्ष्य, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से मिलती है सफलता: डॉ. पूनम देवदत्त
तनाव से मुक्ति और टालमटोल पर नियंत्रण के प्रेरक व्याख्यान से विद्यार्थियों को मिली नई दिशा
मेरठ। सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से गुरुवार को अटल ऑडिटोरियम में 'स्ट्रेटेजी फॉर सक्सेस-अपनी पूर्ण क्षमता को पहचानें' विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और प्रो. आरके सोनी के मार्गदर्शन में इस व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति सजग बनाना, मानसिक संतुलन विकसित करना तथा जीवन में सफलता के लिए सही दिशा प्रदान करना रहा।
मुख्य वक्ता डॉ. पूनम देवदत्त ने कहा कि लक्ष्य, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से विद्यार्थियों को सफलता मिलती है। विद्यार्थियों को सफलता, आत्मविकास और मानसिक संतुलन के व्यावहारिक सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा अपनी आंतरिक क्षमताओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देने की प्रेरणा दी। तनाव प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए मुख्य वक्ता ने बताया कि नियमित दिनचर्या, पर्याप्त विश्राम, गहरी श्वास और ध्यान मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं। समस्याओं से बचने के बजाय उनका समाधान खोजने की आदत विकसित करनी चाहिए। 'आज नहीं, कल कर लेंगे' जैसी सोच सफलता की राह में सबसे बड़ी बाधा है। कार्य को छोटे-छोटे भागों में बांटकर तुरंत शुरुआत करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और कार्य समय पर पूरा होता है।
प्रश्नोत्तर सत्र में पूछे सवाल पर विशेषज्ञ डॉ. पूनम देवदत्त ने कहा कि नियमित तैयारी और संतुलित दिनचर्या तनाव को कम कर देती है। एकाग्रता बढ़ाने के लिए उन्होंने मोबाइल से दूरी रखने, निश्चित समय पर अध्ययन करने और बीच-बीच में छोटे विराम लेने की सलाह दी। करियर संबंधी भ्रम पर उन्होंने अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर सही मार्गदर्शन लेने की बात कही। संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि ऐसे प्रेरक कार्यक्रम केवल शैक्षणिक मार्गदर्शन ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की भी सशक्त प्रक्रिया है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिव्या शर्मा व सह-संयोजक डॉ. गौरव त्यागी, संचालन अदिति अवस्थी के साथ प्रताप, आदर्श, शमा परवीन, सौम्या गुप्ता, डॉ. निधि भाटिया, सुश्री कंचन वर्मा, डॉ. जेआर बेंथम, प्रवीण पंवार समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment