सड़क हादसे में घायल को आयुष्मान कार्ड की जरूरत नहीं
अब सीधे मिलेगा ₹1.5 लाख का मुफ्त इलाज
भोपाल। मध्य प्रदेश में सड़क हादसों में घायल होने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बेहद राहत भरी खबर दी है। अब सड़क दुर्घटना के शिकार व्यक्तियों को किसी भी सरकारी या आयुष्मान योजना से अनुबंधित निजी अस्पताल में इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी। राज्य सरकार ने घायलों को त्वरित और निशुल्क उपचार प्रदान करने की तैयारी पूरी कर ली है।
डेढ़ लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार
नई व्यवस्था के तहत, सड़क दुर्घटना के घायलों को अस्पतालों में ₹1.5 लाख तक का इलाज पूरी तरह मुफ्त मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना के बाद के शुरुआती 'गोल्डन ऑवर' में घायल की जान बचाना और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना है।
पहले चरण में अनुबंधित अस्पताल शामिल
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, योजना के पहले चरण में उन सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को शामिल किया गया है जो पहले से आयुष्मान भारत योजना के तहत अनुबंधित हैं। इन अस्पतालों में दुर्घटना पीड़ितों को भर्ती कर तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा।
हाईवे के अस्पतालों को भी जोड़ने की योजना
विभाग की आगामी योजना में हाई-वे के नजदीक स्थित उन निजी अस्पतालों को भी इस नेटवर्क से संबद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अभी आयुष्मान योजना में शामिल नहीं हैं। इससे हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं के घायलों को समय पर उपचार मिल सकेगा।


No comments:
Post a Comment