रोहताश स्वीट्स की 10 दुकानों पर जीएसटी  का सर्वे 

 देर रात तक खंगाले गए रिकॉर्ड, लाखों का बकाया टैक्स मौके पर ही कराया जमा

मेरठ।  प्रसिद्ध मिठाई विक्रेता ग्रुप रोहताश स्वीट्स के यहां शुक्रवार को जीएसटी  ने छापा मारा। करीब 10 टीमों ने एक साथ 10 ठिकानों पर यह कार्रवाई की। टीम को कई प्रतिष्ठानों से टैक्स चोरी से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं, जिन्हें कब्जे में लिया गया है। देर रात तक टीम यहां मौजूद रही।

जीएसटी  डिपार्टमेंट को शहर के प्रतिष्ठित मिठाई विक्रेता रोहताश के यहां टैक्स चोरी की शिकायत मिल रही थी। टीम ने गोपनीय तरीके से छानबीन शुरु की तो पता चला कि पोर्टल पर जो जानकारी डाली जा रही है, उसमें विरोधाभास है। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद टीम ने छापे की रणनीति तैयार कर शुक्रवार को रोहताश के 10 प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापा मारा।

कार्रवाई को रखा गया गोपनीय

जीएसटी  डिपार्टमेंट ने शहर के एक बड़े कारोबारी के यहां छापा मारा था लेकिन पूरी कार्रवाई को देर शाम तक गोपनीय रखा गया। बताया जाता है कि दोपहर करीब दो बजे टीमें तैयार होकर कार्रवाई के लिए निकलीं। 12 टीमों ने 10 अलग अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई शुरु की, जिससे हड़कंप मच गया।

कई प्रतिष्ठान ने जमा कराया टैक्स

सुशील कुमार सिंह ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों के द्वारा चोरी किया गया टैक्स भी जमा कराया गया है। एक प्रतिष्ठान से चार लाख तो एक से दो लाख रुपया टैक्स का जमा कराया गया है। अन्य का भी हिसाब तैयार किया जा रहा है। सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है।

देर रात तक जमीं रहीं टीमें

डिपोर्टमेंट के अफसरों की मानें तो देर रात तक कई प्रतिष्ठानों पर छापे की कार्रवाई जारी रही। गंगानगर, साकेत, जैन नगर समेत 10 प्रतिष्ठानों पर एक साथ यह कार्रवाई की गई थी। टीम से नोकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस की मौजूदगी ने विरोध को विफल कर दिया।

एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-2 सुशील कुमार सिंह ने  बताया कि कुछ महीने पहले गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। टीम ने क्रॉस चेक किया और गोपनीय छानबीन शुरु कर दी। पता चला कि ऑनलाइन विवरण से वास्तविक जानकारी एकदम अलग थी। इसी के बाद पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर छापे की रणनीति तैयार की गई।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts