पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड
दिल्ली समेत यूपी-बिहार में बढ़ी ठिठुरन, शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट
नई दिल्ली (एजेंसी)।नए साल के आगाज के साथ देश में तापमान तेजी से नीचे गिरने लगा है। कई राज्यों में सर्दियों का सितम देखने को मिल रहा है। राजस्थान में पारा 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, तो वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में गलन और ठिठुरन बढ़ने लगी है।
भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। जम्मू कश्मीर में पहाड़ों ने बर्फ की मोटी चादर ओढ़ ली है। मौसम विभाग ने केदारनाथ, बंद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत कई जिलों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसका असर निचले इलाकों में देखने को मिल सकता है, जहां ठंड अचानक से बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने राजधानी समेत आसपास के जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।
यूपी-बिहार में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने यूपी और बिहार में भी 9 जनवरी तक के लिए शीतलहर और कोहरे की चेतावनी जारी की है। इस बीच धूप न निकलने और आसमान में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं क कारण दोनों राज्यों में गलन और ठिठुरन बढ़ सकती है।


No comments:
Post a Comment