उत्पीड़न के विरोध में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने जॉइंट कमिश्नर से की मुलाकात

मेरठ। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष गौरव शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को  राज्य कर विभाग की सचल टीम द्वारा ट्रांसपोर्टरों की गाड़ियों को अनावश्यक रूप से रोककर प्रताड़ित किए जाने के विरोध में राज्य कर विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने एल-ब्लॉक स्थित राज्य कर कार्यालय में असिस्टेंट कमिश्नर तबस्सुम सिद्दीकी से भेंट की। तत्पश्चात मंगल पांडे नगर स्थित कार्यालय में ज्वाइंट कमिश्नर अमित कुमार पाठक से वार्ता की। इस अवसर पर अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि ट्रांसपोर्टर पूरी ईमानदारी एवं नियमों के अनुसार व्यापारियों का माल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उनके पास सभी वैध बिल, दस्तावेज एवं सरकारी औपचारिकताएं पूर्ण होती हैं, इसके बावजूद कई बार बिना ठोस कारण के गाड़ियों को पकड़कर एल-ब्लॉक ले जाया जाता है, जहां दो से तीन दिनों तक उन्हें रोका जाता है। इससे ट्रांसपोर्टरों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, साथ ही व्यापारियों का भी नुकसान होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां वास्तविक रूप से कर चोरी की जाती है, जैसे बिना बिल या कम मूल्य के बिल बनाकर माल ढोया जाता है। अथवा नियमों के विपरीत परिवहन किया जाता है। वहां विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। मेरठ में अनेक स्थानों पर बसों के माध्यम से अवैध रूप से माल ढुलाई की जा रही है। 

इस पर ज्वाइंट कमिश्नर अमित कुमार पाठक ने आश्वासन दिया कि भविष्य में जीआईसी के सामने बसों में माल लादने की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। सूचना मिलने पर संबंधित माल को जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईमानदारी से कार्य करने वाले ट्रक मालिकों एवं ट्रांसपोर्टरों को किसी भी प्रकार से अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर संयुक्त व्यापार समिति के अध्यक्ष विपुल सिंघल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महामंत्री दीपक गांधी, कोषाध्यक्ष रोहित कपूर, खेता सिंह, संतोक सिंह, विजय विनायक, अंकुर प्रजापति, नीरज शर्मा, दिवेश रस्तोगी, अनीश चौधरी, अतुल शर्मा, शिवम, बबलू, विनायक, नीरज मुल्तानी, विपुल शर्मा सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts