नगर निगम​ कार्यकारिणी चुनाव में जीते भाजपा ने निष्काषित पार्षद  संजय सैनी

मेरठ। शनिवार को भाजपा की कार्रकारिणी का  स्थगित चुनाव शनिवार को शास्त्रीनगर के सेक्टर दो के पार्क में हुआ। चुनाव में भाजपा के चार, सपा व भाजपा से निष्काषित पार्षद संजय सैनी को जीत हासिल हुई। हैरत की बात ये है कि सैनी को चुनाव में सबसे ज्यादा 18 ​वोट हासिल हुए। भाजपा के एक पार्षद अजय चंद्रा को पराजय मिली।

17 नवंबर को कार्यकारिणी चुनाव को देखते हुए इस बार पूरी सतर्कता बरती गई थी। प्रशासनिक​ व पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में शनिवार को चुनाव के पहले चरण में कुल सात नामांकन भरे गए। भाजपा ने अपने पिछले पांचों पार्षदों निरंजन वाल्मिकी, पंकज गोयल, रेशमा सोनकर, ​सतपाल सिंह व अजय चंद्रा पर भरोसा करके मैदान मेंं उतारा, जबकि भाजपा ​से निष्काषित व निर्दलीय पार्षद संजय सैनी ने इस बार भी नामांकन​ किया और सपा से कहकशा ने नामांकन किया। दोपहर 12.30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। नामांकन जांच के दौरान भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी अपने समर्थकों के साथ चुनाव स्थल का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से बातचीत की। इनके अलावा सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, राज्यमंत्री दक्षिण विधायक डा. सोमेंद्र तोमर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, भाजपा पार्षद संदीप रेवड़ी, कमल दत्त शर्मा, सुरेश जैन रितुराज, आलोक सिसौदिया समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन द्वारा नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार लगातार स्थिति का जायजा लेते रहे।

सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 2 बजे से मतदान शुरू हुआ। इसमें सांसद,​ विधायक और पार्षदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा के ​प्रतिनिधि और नेता​ तो चुनाव स्थल पर मौजूद थे ही, अन्य ​विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद रहे। मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई। इसमें भाजपा से निष्काषित​ पार्षद संजय सैनी को 18, सपा की कहकशा को 15, भाजपा के चार पार्षद निरंजन वाल्मिकी (14), पंकज गोयल (14), रेशमा सोनकर (13) व सत्यपाल सिंह (12) ने जीत हासिल की। भाजपा के एक उम्मीदवार अजय चंद्रा को 9 वोट मिलने से वह कार्यकारिणी के सदस्य नहीं बन सके।

मान सम्मान की लड़ाई जीती- संजय सैनी

भाजपा से निष्काषित पार्षद संजय सैनी ने जीत हासिल करने के बाद कहा कि मैं पिछले कार्यकारिणी चुनाव में भी जीता था, लेकिन ​घोषणा होने से पहले ही चुनाव​ स्थगित कर दिया गया था। मैं हमेशा ही भाजपा का सच्चा​ सिपाही रहा हूं। मैं गलत नहीं था और हमेशा सच के साथ रहा हूं। पिछले चुनाव में मैंने​ चुनाव लड़ा था, तो हंगामा शुरू हो गया था। मुझे हराने की ​भी​ सारी कोशिशें की गईं। इस बार मैं चुनाव में इसलिए खड़ा हुआ, यह मेरे मान-सम्मान की लड़ाई थी। मैं 17 नवंबर से लगातार कहता आया हूं कि मान-सम्मान के लिए मैं चुनाव जरूर लड़ूंगा और मैंने चुनाव लड़ा। मैंने हमेशा सच्चाई का साथ दिया है, इसलिए मैं कार्यकारिणी चुनाव ​में 18 वोट हासिल कर सका। मुझ पर भरोसा करने वालों का आभारी रहूंगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts