विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार का विकसित होना अत्यंत आवश्यक है- विकास वैभव
सुभारती विवि में हुआ लेट्स इंस्पायर बिहार का आगाज
मेरठ। रविवार को सुभारती विवि में बिहार डेवलपमेंट समिट 2026 – लेट्स इंस्पायर बिहार के लिए एक क्लस्टर मीट का आयोजन विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बिहार के पुलिस महानिरीक्षक एवं लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के मुख्य संरक्षक आईपीएस अधिकारी विकास वैभव मुख्य अतिथि के रूप में तथा इस अभियान के मुख्य समन्वयक इंद्रमोहन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की छात्रा एवं बिहार निवासी कुमारी वर्षा द्वारा किया गया, जिन्होंने सुभारती विविऔर बिहार दोनों का प्रतिनिधित्व करते हुए कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन किया।
मुख्य अतिथि आईपीएस अधिकारी विकास वैभव ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम विवि को 22 जनवरी 2026 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले बिहार डेवलपमेंट समिट के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बिहार आर्थिक रूप से पिछड़ा रहा है, किंतु विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार का विकसित होना अत्यंत आवश्यक है। बिहार की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना और शिक्षा जैसे विषयों पर लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के अंतर्गत निरंतर विचार-विमर्श और कार्य किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि विकसित भारत और विकसित बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब बिहार का प्रत्येक व्यक्ति सभी बंधनों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करेगा। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि जब संसाधनों की कमी थी, तब भी अखंड भारत का संचालन अफगानिस्तान तक बिहार से होता था और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से भी बड़ा नालंदा विश्वविद्यालय बिहार की भूमि पर स्थापित था।


No comments:
Post a Comment