बस ने  पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को रौंदा, पति-पत्नी की मौत

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हादसा, महिला की हालत गंभीर; नगली तीर्थ जा रहे थे तीनों

 मेरठ। थाना दौराला क्षेत्र के   दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर रविवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पैदल जा रहे तीर्थयात्रियों को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ला निवासी खाद व्यापारी हरिओम और उनकी पत्नी सरिता अपनी पड़ोसन सरला के साथ नगली तीर्थ जा रहे थे। तीनों श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे थे। इसी बीच मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिओम और सरिता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पड़ोसन घायल हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। साथ ही, घायल सरला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।

सीसीटीवी से बस की तलाश

दादरी चौकी इंचार्ज प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार रोडवेज बस की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts