एसटीएफ ने तीस लाख के गांजे के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा
-उड़ीसा से ट्रक में छिपाकर ला रहे वेस्ट यूपी में सप्लाई के लिए
-एसटीएफ मेरठ यूनिट ने मुरादाबाद पुलिस के साथ पकड़ी खेप
मेरठ। एसटीएफ मेरठ यूनिट ने उड़ीसा से गांजा लाकर तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों से एसटीएफ ने 30 लाख रुपये का एक कुंतल 13 किलो गांजा बरामद किया है, जो ट्रक में छिपाकर लाया जा रहा है। तस्करों से चार मोबाइल बरामद कर एसटीएफ ने ट्रक को कब्जे में लिया है। गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए एसटीएफ मेरठ यूनिट ने वेस्ट यूपी में जाल बिछा दिया है, क्योंकि बरामद गांजे की सप्लाई वेस्ट यूपी के जिलों में होनी थी। इसलिए एसटीएफ पकड़े गए तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया, काफी समय से इनपुट मिल रहा था कि अंतरराज्यीय गिरोह उड़ीसा से गांजा लाकर वेस्ट यूपी के जिलों में सपलाई कर रहा है। इस गिरोह को पकड़ने के लिए एसटीएफ फील्ड इकाई मेरठ यूनिट के एसआई जयवीर सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रकम सिंह, आकाशदीप, प्रदीप धनकड और चालक सुधीर कुमार की टीम गठित की गई थी, जो कई दिनों से इस गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही थी। उन्होंने बताया, बुधवार को टीम को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक ट्रक गांजा लेकर मुरादाबाद की तरफ आ रहा है। इसकी जानकारी मुरादाबाद जिले के पुलिस अधिकारियों को दी गई। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने सीओ हाईवे मुरादाबाद राजेश यादव के साथ मिलकर हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। तभी टीम को सूचना मिली थी कि ट्रक गांजा लेकर रामपुर की ओर से कैलसा रोड होते हुए आ रहा है। एसटीएफ की टीम ने सीओ हाईवे के साथ बागडपुर कट पर रामपुर की तरफ से आने वाले वाहनों की चेकिंग की। इसी दौरान एसटीएफ ने संदेह के आधार पर रामपुर नंबर के एक ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखा गया एक कुंतल 13 किलो गांजा बरामद कर ट्रक में सवार तीन तस्कर राकेश कुमार व नन्हे निवासीगण जटपुरा गांव थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद और आसिफ निवासी कांकरखेडा गांव थाना डिलारी, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बरामद गांजे की कीमत तीस लाख रुपये बताई है और इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए एसटीएफ की टीम लगाई है। उन्होंने बताया, यह गिरोह उड़ीसा से गांजा लाकर वेस्ट यूपी में सप्लाई करता है। तस्करों के खिलाफ मुरादाबाद जिले के पाकवाडा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांजे की तस्करी के लिए खरीदा था ट्रक
एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया, पहले यह गिरोह बस व ट्रेन के माध्यम से उड़ीसा से गांजा लाता था, जिसमें पकड़े जाने का खतरा ज्यादा रहता है। पुलिस और खुफिया विभाग की नजर से बचने के लिए पकड़े गए तस्कर राकेश ने ट्रक खरीदा था और भाड़े की आड़ में उड़ीसा से गांजा छिपाकर लाकर सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने बताया, उड़ीसा से आरोपी सात हजार रुपये किलो गांजा खरीद कर वेस्ट यूपी में 10 हजार रुपये किलो में बेचते थे। गांजे को लाने के लिए गिरोह में शामिल एक तस्कर ने तीनों आरोपियों को ढाई लाख दिए थे और उसी को गांजे की खेफ पहुंचानी थी, लेकिन इससे पहले एसटीएफ मेरठ यूनिट ने दबोच लिया।


No comments:
Post a Comment