पति लापता होने पर  ससुराल पर अपहरण का आरोप

भाजपा पार्षद पर धमकाने और संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप

 मेरठ। थाना  लिसाड़ी गेट  क्षेत्र के पहलाद नगर निवासी मुस्कान के पति सागर खुराना लापता हो गए। मुस्कान ने अपने पति के अपहरण का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। उनका एक डेढ़ साल का बेटा भी है।

मुस्कान का आरोप है कि उनके पति सागर का अपहरण सास रंजना खुराना, देवर ईशु, मामा कमल पाहवा और मौसा गुलशन खरबंदा ने मिलकर किया है। मुस्कान के अनुसार, सागर के लापता होने के बाद से ससुराल पक्ष उसकी करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा कर चुका है।उनका आरोप है कि देवर ईशु संपत्ति हड़पना चाहता है और इसी साजिश के तहत पति को गायब किया गया। विरोध करने पर मुस्कान के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।

मुस्कान ने 13 जनवरी को एसएसपी से शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए सास और देवर ने भाजपा पार्षद अभिनव अरोड़ा से संपर्क किया। पार्षद पर आरोप है कि उन्होंने मुस्कान पर चरित्रहीन होने का आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की।

मुस्कान का कहना है कि वह लगातार पुलिस से संपर्क कर रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति के अपहरण की साजिश में बुलंदशहर निवासी कमल पाहवा, नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी गुलशन खरबंदा और पार्षद अभिनव अरोड़ा भी शामिल हैं।

इस मामले पर लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सागर को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।

मुस्कान ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला और पति के बारे में जानकारी नहीं दी गई, तो वह अपने बेटे के साथ आत्महत्या कर लेंगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts