देशभक्ति की स्वरलहरियों से गूंज उठा मेरठ कॉलेज
भारत रत्न चौ. चरण सिंह जयंती पर भव्य समारोह
मेरठ।जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा… जैसे अमर देशभक्ति गीत की मधुर धुनों के साथ मेरठ कॉलेज आज देशभक्ति के सरोवर में सराबोर हो उठा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं मेरठ कॉलेज के गौरवशाली पूर्व छात्र चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर आज प्रातः 10 बजे महाविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी के ऐतिहासिक हॉल में एक भव्य एवं रंगारंग समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेरठ कॉलेज प्रबंध कार्यकारिणी के सचिव विवेक गर्ग, प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह तथा प्रबंध कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्यों संजीवेश्वर प्रकाश, चौधरी जयवीर सिंह एवं रवि बिश्नोई द्वारा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। सभी अतिथियों ने उन्हें नमन करते हुए उनके विचारों और योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम सचिव विवेक गर्ग ने अपने वक्तव्य में कहा कि चौधरी चरण सिंह न केवल महान राजनेता थे, बल्कि वे भारतीय लोकतंत्र में किसान, श्रमिक और आमजन की सशक्त आवाज थे। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का प्रेरक उदाहरण है।
वहीं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युद्धवीर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि चौधरी चरण सिंह ने ग्रामीण भारत को नीति-निर्माण के केंद्र में स्थापित किया। उनका चिंतन आज भी प्रासंगिक है और युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह जयंती के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में मेरठ कॉलेज के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलता की भी घोषणा की गई। प्रतियोगिता में एलएलबी के छात्र श्री कमलकांत ने प्रथम स्थान तथा एमएससी की छात्रा साक्षी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर आर के बी फाउंडेशन के सौजन्य से रवि बिश्नोई द्वारा कुमारी साक्षी को ₹5100 तथा कमलकांत को ₹2100 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान साक्षी ने “दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए” गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया, जबकि कमलकांत ने “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा” गीत गुनगुनाकर सभी को देशप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।
अपने विचार व्यक्त करते हुए चौधरी जयवीर सिंह, रवि बिश्नोई एवं संजीवेश्वर प्रकाश ने चौधरी चरण सिंह को किसानों और आम आदमी का सच्चा नेता बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष और नीतियां आज भी सामाजिक न्याय की दिशा दिखाती हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. एस.के.एस. यादव एवं डॉ. रेखा राणा ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


No comments:
Post a Comment