मेरठ। जागृति विहार के. एल. इंटरनेशनल स्कूल में स्पेस एप्लीकेशन सेंटर एसएसी,अहमदाबाद के सहयोग से 12 दिसंबर से 14 दिसंबर के मध्य आयोजित होने जा रही विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी इसरो द्वारा छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान की रोमांचक दुनिया से रूबरू कराया जाएगा।
इस प्रदर्शनी से संबंधित आयोजित प्रेस वार्ता में गुरुवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने बताया कि पिछले 3 वर्षों से लगातार विद्यालय इस प्रदर्शनी के आयोजन का प्रयास कर रहा था जिसमें अब सफलता मिली है। यह केवल मेरठ ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि के. एल. इंटरनेशनल एक मात्र ऐसा विद्यालय है जहाँ इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है।प्रदर्शनी के तीन दिवसीय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने बताया कि इसमें छात्रों को वरिष्ठ इसरो वैज्ञानिकों परेश सरवैया, राहुल गर्ग, राहुल भड़ाना व समस्त टीम सदस्यों के साथ संवाद, इंटरएक्टिव डिस्प्ले, स्पेस ऑन व्हील्स बस और लाइव वॉटर रॉकेट लॉन्चिंग जैसे कार्यक्रमों द्वारा देश की अंतरिक्ष उपलब्धियों को जानने का अवसर तो मिलेगा ही साथ ही वे अंतरिक्ष के रहस्यों से परिचित हो अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कर सकेंगे।इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह की शोभा मुख्य अतिथि के रूप में IAS हिमांशु गुप्ता सेक्रेटरी सीबीएसई, धारिणी अरुण रीजनल डायरेक्टर सीबीएसई, नोएडा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में सीबीएसई बोर्ड, यूपी बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड के सभी प्रधानाचार्य व विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। प्रत्येक दिन लगभग 2,000 छात्र इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।


No comments:
Post a Comment