जयंत चौधरी युवाओं की उम्मीद - डा राजकुमार सांगवान
रालोद का शक्ति प्रदर्शन 47 किलो का केक काटकर मनाया जयंत चौधरी का जन्मदिन
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल कार्यालय पर जयंत चौधरी का जन्मदिन पर 47 किलो का केक काटा गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी नेताओं के शक्ति प्रदर्शन में बदल गई। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह का जन्मदिन शनिवार को मेरठ में सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की ताकत और संगठन की एकजुटता का बड़ा प्रदर्शन बनकर सामने आया।
पार्टी कार्यालय में ढोल-नगाड़ों, नारों और जोश से भरे कार्यकर्ताओं के बीच 47 किलो का विशाल केक काटकर उनका जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अगुवाई लोकसभा सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने की। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष (सामाजिक न्याय मंच) संगीता दोहरे और जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ ने संयुक्त रूप से केक काटा। इस दौरान चौधरी जयंत सिंह के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि जयंत चौधरी युवाओं की उम्मीद हैं। उन्होंने न सिर्फ संसद में युवाओं की आवाज बुलंद की है, बल्कि अपनी सांसद निधि का प्रभावी उपयोग खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने में किया है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को नई पहचान मिली है। अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी ने कहा कि चौधरी जयंत सिंह सामाजिक न्याय के मजबूत स्तंभ हैं और उनका नेतृत्व समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाला है।
प्रदेश अध्यक्ष संगीता दोहरे ने कहा कि जयंत चौधरी राष्ट्रीय लोकदल को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला समय रालोद का होगा और पार्टी उत्तर प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाएगी। पूर्व विधायक विनोद हरित ने जयंत चौधरी को देश के नौजवानों का सच्चा नेता बताया। वहीं, जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ ने कहा कि मेरठ की युवा शक्ति आज जयंत चौधरी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।


No comments:
Post a Comment