दिल्ली-  दून हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत

मेरठ। दिल्ली-दून हाईवे पर अंसल कोर्टयार्ड कॉलोनी के सामने रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ, आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पल्लवपुरम पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा कर स्वजन को सूचना दे दी है।

रोहटा थाना क्षेत्र के डालमपुर गांव निवासी सुशील कुमार ने बताया कि मृतक उसका चचेरा भाई 37 वर्षीय मदान कुमार था, जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बीमारी के चलते उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मदान चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई और एक छोटी बहन हैं। मदान के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि पत्नी नौ महीने की गर्भवती है। चिकित्सकों ने दो-तीन दिन में डिलीवरी की तारीख बताई थी।

बताया गया कि डिलीवरी के लिए रुपयों की व्यवस्था करने के उद्देश्य से मदान रविवार को बाइक से पल्लवपुरम जा रहा था। दून हाईवे पर जिटौली फ्लाईओवर पार करते ही अंसल कोर्टयार्ड कॉलोनी के सामने अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मदान सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पल्लवपुरम थाने के दारोगा शुभम गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल पर कोई हेलमेट नहीं मिला। इंस्पेक्टर रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव को मर्चरी भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts