शालीनता था चौधरी साहब के व्यक्तित्व का प्रमुख अंग: इतिहासकार केडी शर्मा

धरतीपुत्र चौ चरण सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर मेरठ कॉलेज में हुई विचार–गोष्ठी एवं वृत्तचित्र प्रदर्शन

मेरठ। धरतीपुत्र, किसान हितैषी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की जयंती की पूर्व संध्या पर आज दिनांक 22 दिसंबर 2025 (सोमवार) को मेरठ कॉलेज, में साहित्यिक–सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में विचार–गोष्ठी सहित अनेक शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चौधरी चरण सिंह जी के बहुआयामी व्यक्तित्व, उनके सामाजिक–आर्थिक योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना रहा।

विचार–गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता, इतिहासकार डॉ. के. डी. शर्मा (अवकाश प्राप्त प्रोफेसर, इतिहास विभाग, मेरठ कॉलेज) ने चौधरी चरण सिंह जी के व्यक्तित्व की शालीनता एवं सादगी पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद भी चौधरी साहब अपने राजनीतिक गुरु एवं संरक्षक श्री विष्णु शरण दुबली के प्रति गहरा सम्मान रखते थे और उन्होंने मेरठ आगमन के दौरान जय–जयकार से मना कर गुरु–शिष्य परंपरा की श्रेष्ठ मिसाल प्रस्तुत की।



कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ता एवं द्वितीय वक्ता के रूप में प्रो. प्रतीत कुमार, प्राचार्य, चौधरी चरण सिंह महाविद्यालय, छपरौली ने चौधरी चरण सिंह जी के राजनीतिक जीवन एवं ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भूमि सुधार, जमींदारी उन्मूलन तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा चौधरी साहब के जीवन का केंद्रीय उद्देश्य रहा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चौधरी चरण सिंह जी ने आगरा कॉलेज से एम.ए. (इतिहास) तथा 1926 में मेरठ कॉलेज से एल.एल.बी. की उपाधि प्रथम श्रेणी में प्राप्त की थी।

मेरठ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. युद्धवीर सिंह ने अपने वक्तव्य में बताया कि 1930 के नमक सत्याग्रह में भागीदारी, जेल यात्रा तथा बाद में जिला बोर्ड अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए चौधरी चरण सिंह जी राष्ट्रीय राजनीति में एक सशक्त नेतृत्व के रूप में उभरे।

कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में मुक्ता भारद्वाज ने प्रथम, शिखादीप उपाध्याय ने द्वितीय तथा उर्वी पाठक एवं अश्विनी पंवार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम ‘बी’ प्रथम स्थान पर रही।

डॉ. पंकज भारती द्वारा चौधरी चरण सिंह  के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. रेखा राणा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. एस. के. एस. यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं छात्र–छात्राएँ उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts