कार को साइड खड़ा करने पर चली बोतल-पत्थर 

-घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल

-मुकदमा दर्ज होने के दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर 

मेरठ। नई सड़क पर कार को साइड में लगाने को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने घर के बाहर खड़ी कार में बैठे तीन लोगों पर कांच की बोतल, पत्थरों से हमला कर दिया और बेल्ट से जमकर पिटाई की। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। 

नौचंदी थाना क्षेत्र की नई सड़क निवासी पीड़ित अनंत, ऋतिक और अंकित शनिवार रात घर के बाहर अपनी कार में बैठे थे।  इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने कार को साइड और घर के अंदर खड़ा करने को बोला। इसी बात पर आरोपी युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अचानक कार पर कांच की बोतल व पत्थर से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों युवक कार से बाहर निकले  तो एक युवक ने बेल्ट निकालकर पीड़ित युवकों की जमकर पिटाई की।आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी भुगत लेने की धमकी देकर वहां से भाग गए। सूचना मिलते ही डायल-112 और नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस लौट गई। वारदात की यह घटना आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। नौचंदी थाना प्रभारी इलम सिंह के कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द हमलावर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

इस वारदात के बाद से नई सड़क के व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार ऐसी घटनाएं हो रही है। व्यापारियों ने नौचंदी पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts