पुलिस की ईमानदारी को सलाम, चार लाख से भरा बैग बरामद किया -कलेक्शन एजेंट ई-रिक्शा में रखने के बाद भूल गया था
-24 घंटे में दो टीमों ने बरामद कर पीड़ित को लौटाया बैग
मेरठ। पुलिस की आलोचना करने वाले लोगों के लिए यह खबर सुखद है। चौबीस घंटे की भागदौड़ के बाद टीपी नगर थाना पुलिस ने कलेक्शन एजेंट का चार लाख रुपयों से भरा बैग बरामद करने के बाद वापस करा दिया। बैग पाकर कलेक्शन एजेंट का चेहरा खिल उठा और उसने यूपी पुलिस की भूरी-भूरी प्रशंसा की, क्योंकि अगर बैग नहीं मिलता तो कलेक्शन एजेंट को अपने वेतन से रकम देनी पड़ती, क्योंकि बैग उसकी लापरवाही से ई-रिक्शा में छूटा था।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की फतेहपुर तहसील के बडियाली गांव निवासी जितेंद्र नवीन अग्रवाल की कंपनी में कलेक्शन एजेंट है। रविवार देर शाम वह कलेक्शन कर वापस ई-रिक्शा से लौट रहे थे। बैग में कलेक्शन के चार लाख रुपये रखे थे। उनकी लापरवाही से फुटबॉल चौराहे पर ई-रिक्शा में रखा बैग छूट गया था। काफी दौड़ भाग के बाद भी जब ई-रिक्शा का पता नहीं चला तो पीड़ित नवीन अग्रवाल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित ने टीपी नगर पुलिस को तहरीर दी। बैग की तलाश में सीओ ब्रह्मपुरी ने टीपी नगर प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा के साथ ब्रह्मपुरी पुलिस को लगाया था।
सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया, ई-रिक्शा चालक की पहचान के लिए पुलिस ने 20 से अधिक स्थानों पर लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और आखिरकार सोमवार को टीपी नगर थाना पुलिस को सफलता मिल गई। टीपी नगर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शा चालक की पहचान सुनील उर्फ मोंटी निवासी पुष्प विहार के रूप में होने के बाद पुलिस ने उसके घर से बैग बरामद कर लिया, जिसमें पूरी धनराशि थी। थाना प्रभारी ने बताया, मोंटी ने बैग खोलकर भी नहीं देखा था।


No comments:
Post a Comment