यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन कारों की टक्कर, दो में लगी आग
नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। जेवर से नोएडा की ओर जा रही तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिसके बाद दो कारों में आग लग गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
दुर्घटना थाना रबूपुरा क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 20 किलोमीटर माइलस्टोन के पास रात करीब 12 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, हादसे में टाटा पंच, टाटा सूमो और ग्रैंड i10 कारें शामिल थीं। टक्कर के बाद टाटा पंच और टाटा सूमो में आग लग गई, जिससे दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं। घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment