जो भी दायित्व मिले, उसे नंबर वन बनाने का संकल्प लें- पंकज चौधरी
मेरठ पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से किया स्वागत
मेरठ । भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम आगमन पर रविवार को मेरठ महानगर में भव्य स्वागत महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी के नेतृत्व में काशी टोल प्लाज़ा पर महानगर पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्प वर्षा और जोशीले नारों के बीच काशी टोल प्लाज़ा पर विशेष मंच बनाकर प्रदेश अध्यक्ष का गरिमामयी स्वागत हुआ।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मेरठ में मिला यह अभूतपूर्व स्वागत उनके लिए भावुक कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को अध्यक्ष पद की घोषणा के बाद लगातार दिल्ली में व्यस्त रहने के बावजूद कार्यकर्ताओं का स्नेह, समर्पण और ऊर्जा उन्हें निरंतर प्रेरित करती रही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत हैं और वह कार्यकर्ताओं की भावना, भूख और दर्द—सबको भलीभांति समझते हैं क्योंकि वे स्वयं कार्यकर्ता से ही इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि वह हर जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाते हैं, इसलिए उन्हें इतने बड़े प्रदेश का दायित्व सौंपा गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जो भी दायित्व मिले, उसे नंबर वन बनाने का संकल्प लें। किसी व्यक्ति विशेष की परिक्रमा करने से नहीं बल्कि अपनी मेहनत, संघर्ष और समर्पण से प्रतिष्ठा और पहचान बनती है। यही संगठन की शक्ति है और यही भारतीय जनता पार्टी की कार्य संस्कृति है।
महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि मेरठ की धरती पर प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा और कार्यकर्ता दृढ़ संकल्प के साथ संगठन को और मजबूत करेंगे।
इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष का काफ़िला हाईवे एचएच-58 बाईपास की ओर बढ़ा, जहां विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कंकरखेड़ा स्थित कैलाश हॉस्पिटल के निकट विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र भारद्वाज के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया गया। स्वागत स्थल पर बुलडोज़र सजाए गए थे, जिन पर खड़े कार्यकर्ता हाथों में पुष्प लिए “प्रदेश अध्यक्ष ज़िंदाबाद, मोदी-योगी ज़िंदाबाद” के नारों से पूरा वातावरण गूंजा रहा था।
प्रदेश अध्यक्ष सिवाया बैंकेट हॉल पहुंचे, जहां उन्होंने पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और मेरठ महानगर के मंडल अध्यक्षों से भेंट की। वहां भी जोरदार स्वागत हुआ और कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र शिशोदिया ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए यह गौरव का क्षण है और प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल है। प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंशी ने कहा कि पंकज चौधरी सात बार के सांसद रहने के साथ संगठन की गहरी समझ रखते हैं और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भलीभांति समझते हैं।
ब्राहमण नेताओं ने चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया
पंकज चौधरी को चांदी का मुकुट पहनाकर बुलडोजर से खासतौर से उनका स्वागत किया है। एमएमलसी धर्मेंद्र भारद्वाज सहित पार्टी के ब्राहमण कार्यकर्ताओं ने अलग से प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत का कार्यक्रम रख दिया। ये स्वागत समारोह प्रदेश अध्यक्ष के पूर्व तय कायर्क्रम में कहीं भी शामिल नहीं था।ब्राहमण नेताओं ने जिस रास्ते से पंकज चौधरी का काफिला गुजरना था वहां अलग से स्वागत समारोह आयोजित कर लिया। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष का काफिला ककंरखेड़ा में कैलाशी अस्पताल के सामने आया वहां ब्राहमण नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का काफिला रुकवा लिया। कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को रुकना पड़ा।एमएलसी को कार्यकर्ताओं ने गोद में उठाकर प्रदेश अध्यक्ष के पास तक पहुंचाया। एमएलसी ने पहले प्रदेश अध्यक्ष को बुके भेंट किया। उनके नाम की तख्ती पकड़वाई। इसके बाद उन्हें चांदी का मुकुट पहचाना। तीन रंग के गुब्बारे भी उड़वाए। स्वागत में 2 बुलडोजर भी खड़े किए गए। लगभग 5 मिनट तक प्रदेश अध्यक्ष का काफिला यहां रुका रहा।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र शिशोदिया, प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंशी, विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल, मेरठ प्रभारी विजय शिवहरे, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, ऊर्जा राज्यमंत्री व दक्षिण विधायक सोमेन्द्र तोमर, कैबिनेट मंत्री कपिल देव अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, कमल दत्त शर्मा, पूर्व विधायक सतवीर त्यागी, रवींद्र भड़ाना, सहकारी बैंक चेयरमैन विमल शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment