पुलिस ने 1 करोड़ का गांजा पकड़ा:8 तस्कर गिरफ्तार 

 दो लग्जरी गाड़ियां जब्त; छोटे पैकेट बनाकर सप्लाई करते थे

मेरठ। मेरठ पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 151 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी बाजार कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के नेतृत्व में कंकरखेड़ा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर गैंग के आठ तस्करों को गिरफ्तार किया।

एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर में हिस्ट्रीशीटर अजय द्वारा लंबे समय से गांजा बिक्री की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने जाल बिछाकर पहले अजय सहित पांच तस्करों मनोज, कृष्णकांत, रोहित उर्फ सोनू और राहुल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 125 किलोग्राम गांजा और दो लग्जरी गाड़ियां बरामद हुईं।

मेरठ और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते 

पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तीन और तस्करों अजय उर्फ कालिया, चोटिया और मोहित को पकड़ा। इनसे 26 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी झारखंड से लग्जरी गाड़ियों के जरिए छोटी मात्रा में गांजा लाकर मेरठ और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते थे।

एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह कॉलेजों के आसपास भी सक्रिय था और छात्रों को गांजा बेचता था। गिरोह का मास्टरमाइंड हिस्ट्रीशीटर अजय है, जो कई बार जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज पर कंकरखेड़ा में दो, कृष्णकांत पर एक, राहुल पर टीपी नगर और कंकरखेड़ा में तीन, रोहित पर दोनों थानों में तीन, जबकि चोटिया पर भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। मोहित और अजय कालिया के खिलाफ भी एक-एक मामला दर्ज है।

सप्लाई नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके सप्लाई नेटवर्क की तलाश कर रही है। एसएसपी ताडा ने कहा कि यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है और ऐसे गिरोहों को तोड़ने के लिए आगे भी छापेमारी जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts