सरधना चर्च में वार्षिक महोत्सव में हजाराें की संख्या में पहुंचे श्रद्धालू 

माता मरियम के सम्मान में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन 

मेरठ। मेरठ के सरधना स्थित 'कृपाओं की माता चर्च' में वार्षिक महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। यह दो दिवसीय मेला 8 और 9 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु अपनी मन्नतें मांगने और पूरी होने पर आभार व्यक्त करने पहुंचे हैं।

नवंबर माह के दूसरे शनिवार और रविवार को लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले के लिए शुक्रवार को ही हजारों श्रद्धालु सरधना पहुंच गए थे। इससे मेले में पहले से ही रौनक बढ़ गई। मेले की पूर्व संध्या पर चर्च में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।यह वार्षिक आयोजन माता मरियम के सम्मान में किया जाता है। इसमें सभी धर्मों के लोग श्रद्धा और विश्वास के साथ भाग लेते हैं, तथा माता मरियम के चमत्कारों से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हैं।8 नवंबर की रात को 'कृपाओं की माता' महोत्सव के उपलक्ष्य में सरधना चर्च में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। रात 8 बजे हुई इस प्रार्थना में माता मरियम के स्वर्गारोहण के महत्व पर जोर दिया गया। इस दौरान भजनों, माला विनती और मिस्सा बलिदान जैसे अनुष्ठान भी संपन्न हुए। प्रार्थना का मुख्य विषय माता मरियम के स्वर्गारोहण का महत्व और एक मां के रूप में उनके प्रेम व सुरक्षा को याद करना था।मेले में लगाई गई दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन ने मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं के लिए मेले में निशुल्क भोजन वितरण की व्यवस्था भी की गई है, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।महोत्सव का मुख्य आयोजन 8 और 9 नवंबर को है। 9 नवंबर को मुख्य कार्यक्रम संपन्न होंगे, जिनमें विशेष प्रार्थनाएं और एक भव्य शोभायात्रा शामिल रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts