सेना ने घुसपैठ कर रहे दो आतंकियों को किया ढेर
जम्मू (एजेंसी)।जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया है। खुफिया एजेंसियों से मिले विशेष इनपुट के आधार पर सेना और अन्य सुरक्षाबलों ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स ने दी है।
चिनार कॉर्प्स के अनुसार, यह अभियान घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकियों को चेतावनी दी, जिसके जवाब में आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।सेना ने बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया गया है। इलाके में ऑपरेशन अभी जारी है और अतिरिक्त बलों को भी तैनात किया गया है।
इससे पहले 6 नवंबर को किश्तवाड़ जिले के छात्रू उपमंडल के नाइदगाम क्षेत्र के कालाबन वन क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया। बुधवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच इसी वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए उधमपुर स्थित नार्दर्न कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इस समय करीब दो से तीन आतंकवादी इस क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह क्षेत्र कश्मीर के अनंतनाग जिले की सीमा से सटा हुआ है, जिस कारण यहां से घुसपैठ की घटनाएं समय-समय पर होती रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि ये आतंकी कहां रहते हैं, कौन इन्हें सहयोग देता है और इनके पीछे कौन से स्थानीय या बाहरी नेटवर्क ओजीडब्लू सक्रिय हैं। तलाशी अभियान और जांच जारी है तथा सुरक्षा बल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।


No comments:
Post a Comment