मेडिकल कॉलेज  में पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन 

 मेरठ। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा  एक सार्थक एवं ज्ञानवर्धक पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा मानव, पशु, पौधों तथा पर्यावरण के बीच मौजूद पारस्परिक संबंधों को एक व्यापक दृष्टिकोण से समझने पर बल देती है। यह सिद्धांत वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित करता है कि यदि इन सभी घटकों के बीच संतुलन में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न होता है, तो नए संक्रमण, पुनः उभरते रोग तथा वैश्विक स्वास्थ्य जोखिम तेजी से बढ़ सकते हैं। इसी संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘वन हेल्थ सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत छात्रों को समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में एमबीबीएस विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कुल 50 पोस्टरों के माध्यम से ‘वन हेल्थ’ के बहुआयामी स्वरूप को रचनात्मक और वैज्ञानिक अभिव्यक्ति प्रदान की। पोस्टरों का मूल्यांकन एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर डॉ. तनवीर बानो और प्रोफेसर डॉ. सीमा जैन, मेडिसिन विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर स्नेहलता वर्मा तथा शरीर क्रिया विज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मेघा कुलश्रेष्ठ शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के पोस्टरों के साथ-साथ उनसे वन हेल्थ पर आधारित प्रश्न पूछकर उनकी अवधारणात्मक समझ एवं प्रस्तुतीकरण क्षमता का भी आकलन किया।

निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम स्थान अंकित राज और प्रिंस भोज, द्वितीय स्थान चारी राव तथा तृतीय स्थान संस्कृति अरोड़ा और सुज़ेन चौधरी को प्रदान किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संयोजन कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नीलम एस. गौतम द्वारा किया गया। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करता है, बल्कि उन्हें भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना एकीकृत एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण से करने हेतु प्रेरित भी करता है। 

एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर. सी. गुप्ता ने इस कार्यक्रम की प्रशंसा की और विद्यार्थियों को ‘वन हेल्थ’ की महत्त्वपूर्ण अवधारणा से अवगत कराते हुए बताया कि मानव, पशु, पौधों और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts