32 करोड़ और नए डिजाइन से बनेगी ट्रांसपोर्टनगर की सड़कें
सीएम ग्रिड योजना में होगा विकास, डिवाइडर के बीच बनेगा फुटपाथ
मेरठ। टीपी नगर में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री शहरी सड़क योजना (सीएम ग्रिड) के तहत 32 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 1300 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा । नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि इस परियोजना के डिजाइन को हरी झंडी मिल गई है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण से ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में यातायात की व्यवस्था सुगम होगी। यह सड़क दिल्ली रोड, बागपत बाईपास और रोहटा रोड को आपस में जोड़ेगी, जिससे क्षेत्र की कुल कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा। इसके साथ ही, भारी वाहनों और माल ढुलाई के ट्रकों को विकल्प मिलेगा, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव घटेगा और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
डिवाइडर के बीच फुटपाथ और ड्रेनेज सिस्टम
सड़क का डिजाइन आमजन की सुविधा और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। परियोजना के तहत सड़क के बीचोंबीच डिवाइडर के मध्य में फुटपाथ बनाया जाएगा। इसके साथ ही दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी लेनें होंगी। इस डिजाइन से मेरठ में यह पहली सड़क बनेगी। बारिश के समय जलभराव की समस्या से बचाव के लिए सड़क के किनारे ड्रेनेज सिस्टम की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके।
ट्रकों के लिए बनेगी पार्किंग व्यवस्था
सड़क के किनारे ट्रक पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि वाहनों को सड़क पर खड़ा करने से होने वाले जाम की स्थिति से बचा जा सके। यह सुविधा ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए राहत लेकर आएगी। नगर आयुक्त ने बताया कि इस सड़क का डिजाइन विशेष रूप से तैयार किया गया है, जो अन्य सीएम ग्रिड सड़कों की तुलना में अधिक आधुनिक और विस्तृत है। इसमें यातायात की सुगमता के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण पर भी ध्यान दिया गया है। सड़क के किनारे हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) और पौधारोपण भी किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment