छात्रा 3 साल से छेड़छाड़:पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा की एक छात्रा पिछले तीन साल से लगातार छेड़छाड़ का शिकार हो रही है। आरोप है कि आरोपी युवक स्कूल आते-जाते उसे परेशान करता था। इस मामले में पुलिस पर लापरवाही बरतने और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगा है।
छात्रा के पिता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर फोन कर कहा कि वह उनकी बेटी को पसंद करता है। बीती 28 सितंबर को छात्रा के माता-पिता की गैरमौजूदगी में आरोपी अपने दो साथियों के साथ घर में घुस गया और छात्रा से छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास किया।
परिजनों ने जानी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने गंभीर आरोपों के बावजूद मामूली धाराओं में ही मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जानी थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने शुरू में कहा था कि "छुआछूत का मुकदमा दर्ज नहीं होता।"
बाद में दबाव पड़ने पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। हालांकि, बाकी आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं और छात्रा को लगातार धमका रहे हैं। इस उत्पीड़न से तंग आकर छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।
परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए मेरठ एसएसपी विपिन ताड़ा से भी शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने बृहस्पतिवार को महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत से मिलकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी मंदिर में पाठ पूजा का काम भी करता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की कथित लापरवाही के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम छात्रा के परिवार को धमका रहे हैं। परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


No comments:
Post a Comment