स्क्रीन पर धोनी का बोल्ड एक्शन अवतार, टीजर आया सामने
रांची। सोशल मीडिया सामने आए एक वीडियो टीजर ने “कैप्टन कूल” एमएस धोनी के करोड़ों चाहने वालों को चौंका दिया। जिस “थाला” के हेलीकॉप्टर शॉट पर लोग झूम उठते थे, उन्हें वीडियो में गोलियां बरसाते देखकर चौंक गए। यह वीडियो अभिनेता आर. माधवन ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें महेंद्र सिंह धोनी एक टास्क फोर्स ऑफिसर के रूप में नजर आ रहे हैं। वह कमांडो यूनिफॉर्म में हैं, आंखों पर काला चश्मा चढ़ा रखा है और दुश्मनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिख रहे।
माधवन ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर वीडियो टीजर रिलीज करते हुए लिखा, “एक मिशन। दो जांबाज। तैयार हो जाइए, धमाकेदार चेज शुरू होने वाली है।” टीजर को डायरेक्ट किया है वसन बाला ने। लेकिन सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि ये फिल्म है, वेब सीरीज़ है या कोई हाई-प्रोफाइल ऐड? अभी किसी ने कुछ साफ नहीं किया है। टीजर में माधवन भी धोनी के साथ नजर आते हैं। दोनों टास्क फोर्स ऑफिसर के रोल में हैं।
वीडियो में धोनी का इंट्रो “दू कूल हेड” के रूप में दिया गया है, जबकि माधवन को दिल से सोचने वाला रोमांटिक ऑफिसर बताया गया है। वीडियो आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। फैंस ने कमेंट किए-“क्या हमारे थाला अब हीरो बन गए?” एक यूजर ने लिखा-“मैदान पर धोनी फिनिशर थे, अब स्क्रीन पर एक्शन हीरो।” फिलहाल टीजर के अंत में बस लिखा है “कमिंग सून।” यानी सस्पेंस बरकरार है।
No comments:
Post a Comment