वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख
नई दिल्ली (एजेंसी)।भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह दिल्ली के एम्स अस्पताल में 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।एम्स ने एक बयान में कहा: "93 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा को एम्स, नई दिल्ली में भर्ती कराया गया था, जहां 30 सितंबर 2025 की सुबह उनका निधन हो गया।"
उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति!"
भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर वीके मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष रहे। दिल्ली भाजपा के अनुसार, "विजय कुमार मल्होत्रा की सबसे बड़ी राजनीतिक जीत 1999 के आम चुनाव में मानी जाती है, जब उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारी अंतर से हराया था। वे पिछले 45 वर्षों में दिल्ली से 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहे, जिससे वे राजधानी में भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं।
No comments:
Post a Comment