लखनऊ जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमला
कैदी ने कैंची से किया वार; सिर में लगे 10 टांके
लखनऊ,एजेंसी। लखनऊ जेल में बंद पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक गायत्री प्रसाद प्रजापति पर जानलेवा हमला हुआ है। सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद एक अन्य बंदी ने कैंची से गायत्री प्रसाद प्रजापति के सिर पर कई वार किए। आनन-फानन में जेल में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। गायत्री प्रजापति के सिर में 10 से अधिक टांके लगे हैं। फिलहाल पूर्व मंत्री का इलाज अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।
वहीं गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हमले के बाद समाजवादी पार्टी ने जेल में पूर्व मंत्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इस हमले को लेकर चिंता व्यक्त की। सपा प्रवक्ता ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट करके लिखा, “जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति पर हमले की खबर चिंताजनक है। लखनऊ जेल प्रशासन पूर्व मंत्री को समुचित इलाज उपलब्ध करवाए!”
जेल प्रशासन कर रहा हमले की जांच
वहीं पूर्व मंत्री पर लखनऊ जेल के अंदर हमला होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना के बाद जेल प्रशासन ने जेल में सुरक्षा बढ़ा दी। फिलहाल गायत्री प्रजापति पर हमले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूर्व मंत्री पर जेल के अदंर हुए हमले में कौन-कौन शामिल है, किसके इशारे पर हमला हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति
पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति साल 2017 से लखनऊ जेल में बंद हैं. उन्हें नवंबर 2021 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. बता दें कि गायत्री प्रजापति को साल 2017 में एक महिला द्वारा लगाए गए गैंगरेप के आरोपों के बाद गिरफ्तार किया गया था. कोर्ट ने उन्हें दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कई बार गायत्री प्रजापति ने जमानत के लिए अर्जी डाली, लेकिन हर बार याचिका खारिज कर दी गई।
No comments:
Post a Comment